Etah News: एटा के प्रोफेसर दंपति हांगकांग में करेंगे भारतीय संस्कृति का प्रतिनिधित्व
Etah News: एटा के जलेसर स्थित राजकीय महाविद्यालय के प्रोफेसर दंपति डॉ. ओमकार और डॉ. नीलम हांगकांग में आयोजित अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी में भारतीय संस्कृति पर शोधपत्र प्रस्तुत करेंगे।
Etah News
Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जनपद के लिए गौरव का विषय बनने जा रही एक शैक्षणिक उपलब्धि के तहत जलेसर नगर के राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य एवं संस्कृत विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. ओमकार अपनी पत्नी डॉ. नीलम के साथ हांगकांग में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय शोध संगोष्ठी में प्रतिभाग करेंगे। दोनों विद्वान 7 जून को आयोजित इस वैश्विक मंच पर भारतीय संस्कृति और ज्ञान परंपरा का प्रतिनिधित्व करेंगे।
‘वैश्विक विकास में संस्कृति एवं विज्ञान की भूमिका’ विषय पर आयोजित होने वाली इस अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी में डॉ. ओमकार “भारतीय संस्कृति में विश्वशांति की अवधारणा” विषय पर शोधपत्र प्रस्तुत करेंगे, जबकि डॉ. नीलम “वैश्वीकरण एवं भारतीय संस्कृति” विषय पर अपना शोध प्रस्तुत करेंगी।यह संगोष्ठी हांगकांग की संस्था साइंस टुगेदर इन फॉर्मेशन तथा साहित्य संचय शोध संवाद फाउंडेशन, नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की जा रही है, जिसमें विभिन्न देशों के शिक्षाविद और शोधकर्ता शामिल होंगे।
इस दौरान डॉ. नीलम की पुस्तक ‘थेरगाथा एवं थेरीगाथा : एक आलोचनात्मक अध्ययन’ का विमोचन भी किया जाएगा। साथ ही डॉ. ओमकार और डॉ. नीलम की संयुक्त काव्य कृति ‘जीवन शतक’ भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर लोकार्पित होगी।हांगकांग में 8 जून को आयोजित अंतरराष्ट्रीय कवि सम्मेलन में दोनों शिक्षाविद काव्य पाठ भी करेंगे। यह पांच दिवसीय शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक यात्रा 3 जून से 8 जून तक संचालित होगी, जो एटा जनपद के लिए राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी गौरव का अवसर मानी जा रही है।