Etah News: एटा में एसएसपी का पैदल गश्त, परीक्षा सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर
Etah News: एटा में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन ने भारी पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। साथ ही आगामी पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारियों और यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
Etah News
Etah News: जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना बढ़ाने के उद्देश्य से शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा डॉ. इलामारन ने थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में भारी पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी नगर श्रीमती कीर्तिका सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
पैदल गश्त के दौरान एसएसपी ने शहर के मुख्य बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग भी कराई गई। पुलिस अधिकारियों ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।गश्त के दौरान सड़क किनारे दुकानों के बाहर सामान रखकर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों और पटरी पर रेहड़ी-खोमचा लगाने वालों को सख्त चेतावनी देते हुए सार्वजनिक मार्गों को अवरुद्ध न करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कई स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
इस मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन ने आगामी 8, 9 और 10 जून को आयोजित होने वाली पुलिस भर्ती परीक्षाओं की तैयारियों को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि परीक्षाएं दो पालियों में तीन दिन संपन्न कराई जाएंगी और सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इसके साथ ही निगरानी और समन्वय के लिए एक विशेष कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जहां से परीक्षा से जुड़ी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी।एसएसपी ने कहा कि परीक्षा अवधि के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।