Etah News : काली नदी पुल के पास भीषण टक्कर, युवक की मौत से परिवार में कोहराम

Etah News : एटा के जैथरा क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, पत्नी गंभीर रूप से घायल, पुलिस जांच में जुटी।

Update:2026-06-08 22:07 IST

Etah Road Accident

Etah News : जनपद के थाना जैथरा क्षेत्र अंतर्गत एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।

काली नदी पुल के समीप हुआ सड़क हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, घटना जैथरा थाना क्षेत्र की धुमरी चौकी के अंतर्गत काली नदी पुल के समीप की है। थाना मलावन क्षेत्र के ग्राम छछैना निवासी 30 वर्षीय विकास अपनी पत्नी के साथ सड़क किनारे खड़े होकर वाहन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाते हुए उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि विकास और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़े।जिसमें से एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही धुमरी चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को नाजुक हालत में एटा मेडिकल कॉलेज भिजवाया। हालांकि, नियति को कुछ और ही मंजूर था। इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में ही विकास 30 वर्ष की स्थिति बेहद बिगड़ गई। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने उनका चिकित्सकीय परीक्षण किया और उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया

धुमरी चौकी प्रभारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी गई है। विकास के भाई रामवीर ने बताया कि विकास फर्रुखाबाद से अपने घर वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में इस अज्ञात वाहन ने उनकी खुशियों को उजाड़ दिया। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद से ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और टक्कर मारकर भागने वाले अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।


Tags:    

Similar News