Etah News: ठंडी सड़क पर अवैध ऑटो स्टैंड का आतंक, महिला परिचालक से अभद्रता का आरोप
Etah News: ठंडी सड़क तिराहे पर अवैध ऑटो स्टैंड और जाम से लोग परेशान, महिला रोडवेज परिचालक ने अभद्रता का लगाया आरोप।
Etah News
Etah News: शहर की ठंडी सड़क पर अवैध रूप से संचालित ऑटो स्टैंड और मनमानी कर रहे ऑटो चालकों के खिलाफ लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार सुबह एटा डिपो से पटियाली जा रही रोडवेज बस की महिला परिचालक रजनी चौहान के साथ कथित रूप से ऑटो चालकों द्वारा अभद्रता, गाली-गलौज और बस को आगे बढ़ाने को लेकर विवाद किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिचालक ने संबंधित अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की है।
बताया गया कि ठंडी सड़क पर बड़ी संख्या में ऑटो चालक सड़क पर ही वाहन खड़े कर सवारियां भरते हैं, जिससे आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। आरोप है कि ऑटो में क्षमता से अधिक 8 से 10 सवारियां बैठाकर ओवरलोडिंग की जाती है, जिससे सड़क दुर्घटना का खतरा लगातार बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तिराहे पर ट्रैफिक पुलिस और कोतवाली नगर पुलिस की मौजूदगी के बावजूद अवैध स्टैंड और जाम की समस्या पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होती।
महिला परिचालक रजनी चौहान का कहना है कि उन्होंने ऑटो चालकों की मनमानी और अभद्र व्यवहार की शिकायत पहले भी स्टेशन इंचार्ज देवेन्द्र तथा एआरएम से की थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि रोडवेज बसों को निर्धारित स्थान से सवारियां उठाने में भी ऑटो चालक बाधा डालते हैं और विरोध करने पर अभद्रता पर उतर आते हैं।
समाजसेवी भूदेव मिश्रा ने कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के बजाय पुलिस केवल चालान काटने तक सीमित दिखाई देती है। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर में अवैध रूप से संचालित ऑटो स्टैंड और लगातार लगने वाले जाम पर प्रभावी नियंत्रण नहीं किया जा रहा, जिससे आम नागरिकों और यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
शहरवासियों ने जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और परिवहन विभाग से मांग की है कि ठंडी सड़क पर संचालित अवैध ऑटो स्टैंड को तत्काल हटाया जाए, ओवरलोडिंग पर सख्त कार्रवाई हो, सीसीटीवी निगरानी बढ़ाई जाए तथा रोडवेज कर्मचारियों और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।