Etah News: ट्रांसफार्मर के चारों तरफ दुकानें! एटा में मौत को दावत देता अतिक्रमण, प्रशासन पर उठे सवाल
Etah News: एटा में ट्रांसफार्मरों के चारों ओर अतिक्रमण, बाजारों में बढ़ा खतरा; प्रशासन और विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल।
Etah News
Etah News: जनपद मुख्यालय पर अतिक्रमण हटाओ अभियान अब केवल औपचारिकता बनकर रह गया है। नगर पालिका परिषद, प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस की मौजूदगी में समय-समय पर अतिक्रमण हटाने के अभियान चलाए जाते हैं, लेकिन स्थिति यह है कि टीम के लौटने से पहले ही दोबारा अतिक्रमण सड़क पर दिखाई देने लगता है। शहर के प्रमुख मार्गों पर अभियान का असर कहीं नजर नहीं आता।
जीटी रोड, घंटाघर, गांधी मार्केट, आगरा रोड और बाबूगंज सहित अधिकांश बाजारों में दुकानदारों ने सड़कों और फुटपाथों पर फिर से कब्जा जमा लिया है। दुकानों के सामने सामान, वाहन और अस्थायी ढांचे लगाकर आम लोगों के आवागमन में बाधा उत्पन्न की जा रही है। सबसे गंभीर स्थिति बाबूगंज क्षेत्र में देखने को मिली, जहां बिजली विभाग के ट्रांसफार्मर को चारों तरफ से दुकानों ने घेर रखा है।
बिजली के उच्च वोल्टेज वाले ट्रांसफार्मर के आसपास दुकानें संचालित होना किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकता है। ट्रांसफार्मर के निकट लगातार ग्राहकों और राहगीरों की आवाजाही बनी रहती है। यदि किसी तकनीकी खराबी, स्पार्किंग या आग लगने की घटना होती है तो जान-माल का भारी नुकसान हो सकता है। इसके बावजूद संबंधित विभागों और प्रशासन की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही है।
हैरानी की बात यह है कि इस क्षेत्र में नियमित रूप से पुलिसकर्मी और होमगार्ड तैनात रहते हैं। इसके अलावा जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी प्रतिदिन इसी मार्ग से गुजरते हैं। समय-समय पर पैदल मार्च और निरीक्षण कार्यक्रम भी आयोजित होते हैं, लेकिन ट्रांसफार्मरों के चारों ओर फैला यह खतरनाक अतिक्रमण किसी की नजर में नहीं आ रहा।
शहरवासी आर वी गुप्ता का कहना है कि अतिक्रमण केवल यातायात व्यवस्था को प्रभावित नहीं कर रहा, बल्कि लोगों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा बन चुका है। सवाल यह है कि आखिर जिम्मेदार विभाग कब जागेंगे? क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे के बाद कार्रवाई करेगा या फिर समय रहते इस मौत को दावत देते अतिक्रमण को हटाने का साहसिक कदम उठाएगा?
जिला प्रशासन, नगर पालिका परिषद और बिजली विभाग को संयुक्त रूप से ऐसे संवेदनशील स्थलों का तत्काल सर्वे कर ट्रांसफार्मरों के आसपास से अतिक्रमण हटाना चाहिए, ताकि किसी संभावित दुर्घटना से पहले लोगों की जान की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। फिलहाल शहर में हालात यही संदेश दे रहे हैं कि अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद हैं और जिम्मेदार विभाग मौन दर्शक बने हुए हैं।
वही जीटी रोड पर बाबूगंज से लेकर ठंडी सड़क तक रोड किनारे मोटर साइकिल मिस्त्रियों का सडक की पटरी पर किया गया अतिक्रमण भी हादसों को आमंत्रण दे रहा है। सूत्रों से पता चला है कि इस अतिक्रमण के लिए नगर पालिका को अलग से सेवाशुल्क प्राप्त होता है ।अधिशासी अधिकारी निहाल सिंह ने कहा बाबूगंज के एन्ट्री गेट पर ट्रान्सफार्मर के पास हुए अतिक्रमण को तुरंत हटाकर कार्यवाही की जाएगी।