Etah News: पेड़ पर लटका मिला युवक का शव, जमीन विवाद में हत्या का आरोप
Etah News: एटा के शीतलपुर में युवक का शव पेड़ से लटका मिला। ननिहाल पक्ष ने जमीन विवाद को लेकर पिता, सौतेली मां और भाइयों पर हत्या का आरोप लगाया।
पेड़ पर लटका मिला युवक का शव, जमीन विवाद में हत्या का आरोप (मृतक की फाइल फोटो) (Photo- Newstrack)
Etah News: एटा। कोतवाली नगर क्षेत्र के शीतलपुर गांव के पास जंगल में गुरुवार को एक 22 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अतुल पुत्र महिपाल निवासी शीतलपुर के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मृतक के ननिहाल पक्ष ने इस मामले को आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या बताते हुए पिता और सौतेले परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
शव जंगल में पेड़ से लटका मिला
जानकारी के अनुसार अतुल की मां मनीषा का कई वर्ष पहले निधन हो गया था। इसके बाद वह बचपन से ही अपने ननिहाल जनपद मैनपुरी में रहकर बड़ा हुआ था। ननिहाल पक्ष का आरोप है कि दो दिन पहले अतुल को उसके पिता महिपाल और सौतेली मां मिथलेश ने जमीन के बैनामे के बहाने शीतलपुर बुलाया था। इसके बाद संदिग्ध परिस्थितियों में उसका शव जंगल में पेड़ से लटका मिला।
मृतक की मौसी रीता ने आरोप लगाया कि जमीन के हिस्से को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। उनका कहना है कि इसी विवाद के चलते अतुल की हत्या कर शव को फांसी पर लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया। आरोपों के घेरे में मृतक के पिता महिपाल, सौतेली मां मिथलेश और सौतेले भाई पवन, विनय व सत्यभान हैं। मौसी ने यह भी आरोप लगाया कि अतुल की पत्नी को भी उससे अलग कर किसी अन्य व्यक्ति के साथ भेज दिया गया था।
पुलिस ने बताया कि हर पहलू से जांच की जा रही
घटना की खबर फैलते ही गांव और आसपास के क्षेत्रों में चर्चा का माहौल बन गया। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। इंस्पेक्टर क्राइम अजब सिंह ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है। तहरीर प्राप्त होने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।