Etah News: खेत में दवा लगाने जा रहे किसान पर निराश्रित गोवंश का हमला, रास्ते में मौत

Etah News: एटा में खेत में दवा लगाने जा रहे किसान पर निराश्रित गोवंश ने हमला कर दिया। हमले में किसान की मौत से गांव में शोक का माहौल है।

Update:2026-08-11 14:28 IST

Etah News(Photo-Social Media)

Etah News: थाना सकीट क्षेत्र के घुटलई गांव में मंगलवार को खेत में दवा लगाने जा रहे 40 वर्षीय किसान पर निराश्रित गोवंश ने पीछे से हमला कर दिया। गोवंश के पटकने से किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे उपचार के लिए एटा मेडिकल कॉलेज लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार घुटलई गांव निवासी कुलदीप (40) मंगलवार को अपने खेत में दवा लगाने के लिए जा रहा था। बताया गया कि इसी दौरान पीछे से आए निराश्रित गोवंश ने उस पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से किसान संभल नहीं सका और गोवंश ने उसे पटक दिया। गंभीर चोट लगने के बाद वह मौके पर घायल अवस्था में पड़ा रहा।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। गंभीर हालत में कुलदीप को उपचार के लिए एटा के वीरांगना अवंतीबाई लोधी राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी । पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।

क्षेत्राधिकारी सकीट नीतेश गर्ग ने बताया कि निराश्रित गोवंश के हमले में एक किसान की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। घटना की सूचना तहसील प्रशासन को भी दे दी गई है। किसान की मौत से ग्रामीणों में निराश्रित गोवंश को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव और आसपास के खेतों में निराश्रित गोवंश के झुंड घूमते रहते हैं, जिससे किसानों को खेतों में काम करने के दौरान खतरा बना रहता है। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से निराश्रित गोवंश को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और किसानों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

Tags:    

Similar News