Etah News: छत पर विषखांपर देखने पहुंचीं पांच बच्चियां, अचानक भरभराकर गिरा मकान का छज्जा
Etah News: एटा में छत पर विषखांपर देखने पहुंचीं पांच बच्चियां, अचानक मकान का छज्जा भरभराकर गिर गया। हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
Etah News(Photo-Social Media)
Etah News: थाना मिरहची क्षेत्र के नगला भगत गांव में सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक पुराने मकान का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय छत पर मौजूद एक ही परिवार की पांच बच्चियां छज्जे के साथ नीचे आ गिरीं। हादसे में सभी बच्चियां घायल हो गईं। ग्रामीणों ने तत्काल मलबे से उन्हें बाहर निकाला और उपचार के लिए एटा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे नरसंत, सुनील और बबलू के परिवार की बच्चियां मकान की छत पर मौजूद थीं। बताया गया कि घर में विषखांपर दिखाई देने पर बच्चियां उसे देखने के लिए छत पर पहुंची थीं। इसी दौरान अचानक मकान का छज्जा भरभराकर नीचे गिर गया। छज्जा गिरने के साथ बच्चियां भी नीचे आ गिरीं और मलबे में दब गईं।
हादसे की तेज आवाज सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए मलबा हटाकर बच्चियों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी को निजी वाहन से वीरांगना अवंतीबाई लोधी स्वशासी राज्य मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। घायलों की पहचान सैजल (13), तेजल (11), रितिका (12), अंशिका (8) और निधि (10) के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। अस्पताल में भी परिजन बच्चियों की हालत को लेकर चिंतित नजर आए।
क्षेत्राधिकारी सदर संकल्पदीप कुशवाहा ने बताया कि बच्चियां छत पर खड़े होकर विषखांपर देख रही थीं। मकान पुराना था और लगातार हो रही बारिश के कारण छज्जा कमजोर हो गया था, जिसके चलते वह गिर गया। उन्होंने बताया कि सभी बच्चियों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है और उनकी चोटें मामूली हैं। डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।