Etawah: फर्जी क्राइम ब्रांच अधिकारी बनकर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय साइबर गैंग का भंडाफोड़,6 गिरफ्तार
Etawah News: इटावा में साइबर थाना और भरथना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में फर्जी क्राइम ब्रांच अधिकारी बनकर लोगों से ठगी करने वाले अंतरराज्यीय साइबर गैंग का भंडाफोड़ हुआ है।
Etawah News
Etawah News: इटावा में साइबर अपराध और साइबर ठगों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। साइबर थाना और थाना भरथना पुलिस की संयुक्त टीम ने फर्जी क्राइम ब्रांच अधिकारी बनकर लोगों को डराकर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय साइबर गैंग का भंडाफोड़ करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 9 मोबाइल फोन, 15 सिम कार्ड, 5 एटीएम कार्ड तथा साइबर ठगी से अर्जित 24,800 रुपये नकद बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार जनपदीय साइबर सेल को प्रतिबिम्ब पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के विश्लेषण के दौरान एक साइबर ठगी में प्रयुक्त मोबाइल फोन की लोकेशन थाना भरथना क्षेत्र में मिली थी। इसके बाद साइबर सेल और भरथना पुलिस की संयुक्त टीम ने झिन्दुआ पुल के निकट निर्माणाधीन बाईपास के पास छापेमारी कर छह साइबर ठगों को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे स्वयं को क्राइम ब्रांच, साइबर सेल अथवा पुलिस विभाग का अधिकारी बताकर लोगों को फोन करते थे। फोन पर पुलिस सायरन बजाकर उन्हें डराया जाता था और कहा जाता था कि उन्होंने इंटरनेट पर अश्लील या प्रतिबंधित सामग्री देखी है, जिसके कारण उनके खिलाफ गंभीर मुकदमा दर्ज होने वाला है। गिरफ्तारी और जेल भेजने की धमकी देकर उनसे धनराशि वसूली जाती थी। ठगी की रकम विभिन्न बैंक खातों और यूपीआई आईडी के माध्यम से प्राप्त कर आपस में बांट ली जाती थी।
गिरफ्तार आरोपियों में नीरज सिंह, मिंटू, मोहित, राम खिलावन, रवि तथा सुमित कुमार शामिल हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ थाना भरथना में बीएनएस की विभिन्न धाराओं तथा आईटी एक्ट की धारा 66सी और 66डी के तहत मुकदमा दर्ज किया है।एसएसपी ने सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम को 10 हजार रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया है, जबकि साइबर सेल को प्रभावी मॉनिटरिंग और कार्रवाई के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया है।