Etawah News: मात्र 10 घंटे में चोरी का खुलासा, 3 लाख के जेवर और नकदी बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

Etawah News: जसवंतनगर पुलिस ने 10 घंटे में चोरी का खुलासा कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया, 3 लाख के जेवर और नकदी बरामद की।

Update:2026-06-18 20:02 IST

Etawah News

Etawah News: इटावा जनपद की थाना जसवंतनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की एक बड़ी घटना का महज 10 घंटे के भीतर सफल अनावरण कर दिया। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लगभग 3 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण तथा 14 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। वहीं घटना में शामिल दो अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस के अनुसार 17 जून 2026 को अनीता देवी पत्नी रमेशचंद्र निवासी ग्राम कैस्त, थाना जसवंतनगर ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर रात के समय उनके घर में घुस आए और बक्से का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात तथा नकदी चोरी कर ले गए। पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना जसवंतनगर में मुकदमा संख्या 180/2026 धारा 331/305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने चोरी के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए। अपर पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी जसवंतनगर के नेतृत्व में थाना जसवंतनगर पुलिस टीम ने जांच शुरू कर दी। देर रात पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी सूचना मिली कि ग्राम कैस्त में हुई चोरी की घटना में शामिल कुछ लोग बकरी बाजार क्षेत्र में चोरी के सामान का बंटवारा कर रहे हैं और भागने की तैयारी में हैं।

सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि उसके दो साथी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राकेश उर्फ कल्लू पुत्र मोहम्मद उमर निवासी ग्राम दतावली थाना फ्रेंड्स कॉलोनी, इटावा हाल निवासी गुरुकुल स्कूल कैस्त, थाना जसवंतनगर के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ग्राम कैस्त में बेलदारी का कार्य करता था। इसी दौरान उसने मकान की रेकी कर ली थी और अपने दो साथियों के साथ मिलकर रात में घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चांदी की कर्धनी, खड़ुआ, पायल, बिछिया, सोने का कुंडल, अंगूठी, मंगलसूत्र, नाक की कील तथा 14 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी कर दी है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। इस त्वरित कार्रवाई को लेकर क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस की सराहना की है।

Tags:    

Similar News