UP News: एक्सप्रेसवे पर सफ़र हुआ महंगा, यूपीडा ने टोल दरों में की बढ़ोत्तरी, नई दरें 1 अप्रैल से लागू

UP News: अगरा-लखनऊ, पूर्वांचल, बुंदेलखंड और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर 2026-27 के लिए टोल दरों में बढ़ोतरी लागू, वाहन चालकों की जेब पर बढ़ेगा बोझ।

Update:2026-04-02 17:50 IST

 एक्सप्रेसवे पर सफ़र हुआ महंगा, यूपीडा ने टोल दरों में की बढ़ोत्तरी, नई दरें 1 अप्रैल से लागू (Photo- Social Media)

UP News: एक्सप्रेसवे पर यात्रा करने वाले लोगों के लिए अब सफर महंगा हो गया है। उत्तर प्रदेश के प्रमुख राज्य के चार बड़े एक्सप्रेसवे—अगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे—पर वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए टोल दरों में वृद्धि कर दी गई है। यूपीडा (UPEIDA - Uttar Pradesh Expressways Industrial Development Authority) ने ये नई दरें 1 अप्रैल 2026 से लागू कर दिया है।

इन एक्सप्रेसवे पर लागू हुई बढ़ी हुई नई दरें

बता दें कि यूपीडा द्वारा की गई इस बढ़ोतरी का असर राज्य के चार प्रमुख मार्गों पर देखने को मिलेगा, जो प्रदेश के विभिन्न हिस्सों को तेजी से जोड़ते हैं।

-अगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे

-पूर्वांचल एक्सप्रेसवे

-बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे

-गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे

अब यात्रा होगी महंगी

इन मार्गों पर रोजाना हजारों की संख्या में वाहन गुजरते हैं, जिससे टोल दरों में बदलाव का सीधा असर आम जनता और व्यवसायिक गतिविधियों पर पड़ेगा। टोल दरों में हुई वृद्धि के कारण निजी वाहन चालकों, टैक्सी संचालकों और मालवाहक वाहनों के मालिकों की लागत बढ़ेगी। इसका असर न केवल व्यक्तिगत यात्रा पर पड़ेगा बल्कि परिवहन लागत बढ़ने से सामानों की कीमतों में भी अप्रत्यक्ष रूप से वृद्धि हो सकती है।

किसको कितना पड़ेगा महंगा 

चार पहिया वाहन चालकों को अब दस रुपये जबकि बस और ट्रक मालिकों को 50 रुपये तक अधिक टोल देना होगा। बुधवार सुबह से नए टोल मूल्यों की सूची लगाने के बाद उसी के अनुसार वसूली की गयी।

लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कार-जीप वालों को 100 किमी की यात्रा में अभी तक 240 रुपये टोल देना होता था। बुधवार से उन्हें पांच रुपये अधिक टोल देना पड़ा। इसी तरह बस-ट्रक को इतनी दूरी तय करने पर अब 700 की जगह 775 रुपये टोल चुकाना होगा।

वहीं, आगरा से लखनऊ तक दूरी तय करने पर कार-जीप वालों को अभी तक 675 रुपये एवं बस व ट्रक को 2,150 रुपये टोल देना होता था। बुधवार को नयी दरों के अनुसार चार पहिया वाहन मालिकों को 675 और बस-ट्रक मालिकों को 2,150 रुपये टोल देना पड़ा।

101, 154, 220, 269, 284 एवं 294 किलोमीटर तक की यात्रा करने वाले कार-जीप, बस-ट्रक को नयी बढ़ी हुई दरों के हिसाब से पांच से 50 रुपये तक अधिक टोल देना पड़ेगा।

हर साल होती है दरों की समीक्षा

टोल दरों में यह बढ़ोतरी कोई अचानक लिया गया फैसला नहीं है, बल्कि यह एक नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है। आमतौर पर हर वित्तीय वर्ष की शुरुआत में टोल दरों की समीक्षा की जाती है और महंगाई दर व रखरखाव लागत को ध्यान में रखते हुए संशोधन किया जाता है।

क्यों बढ़ाई गई हैं ये दरें

प्राधिकरण की ओर से दावा किया गया है कि बढ़ी हुई टोल दरों के बदले यात्रियों को बेहतर सड़क सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था और रखरखाव सेवाएं प्रदान की जाएंगी। एक्सप्रेसवे पर पेट्रोलिंग, एंबुलेंस सेवा और सड़क की गुणवत्ता को बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

Tags:    

Similar News