Fatehpur News: फतेहपुर में टोल प्लाजा पर ट्रकों से जाम, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
Fatehpur News: बड़ौरी टोल प्लाजा पर चालान कार्रवाई के दौरान ट्रक चालकों ने हाईवे पर वाहन खड़े कर दिए, जिससे दोनों ओर लंबा जाम लगा और यातायात बाधित हुआ। पुलिस ने केस दर्ज किया।
Fatehpur News: फतेहपुर कल्याणपुर थाना क्षेत्र के एनएच-19 स्थित बड़ौरी टोल प्लाजा के पास यातायात व्यवस्था बाधित करने के आरोप में पुलिस ने कई ट्रक चालकों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस की ओर से दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि चालकों ने जानबूझकर अपने ट्रकों को हाईवे पर आड़े-तिरछे तरीके से खड़ा कर आवागमन अवरुद्ध कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
टोल प्लाजा पर यातायात व्यवस्था ध्वस्त
तहरीर के मुताबिक 21 अगस्त 2026 की शाम करीब सात बजे उपनिरीक्षक राजेश कुमार द्विवेदी पुलिस बल के साथ बड़ौरी टोल प्लाजा पर यातायात व्यवस्था संभालने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ चालान की कार्रवाई कर रहे थे। इसी दौरान ट्रक चालक RJ20GC6743, RJ04GD6283 और UP78DN1167 समेत करीब आठ से दस अज्ञात ट्रक चालकों ने अपने वाहनों को हाईवे पर खड़ा कर दिया।
आरोप है कि ट्रक चालकों ने पुलिस द्वारा की जा रही वैधानिक कार्रवाई का विरोध करते हुए हंगामा किया और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की। ट्रकों के खड़े होने से हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे आम राहगीरों के साथ रोडवेज बस, एंबुलेंस और अन्य वाहन चालकों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा तथा यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई।
पुलिसकर्मियों के सरकारी कार्य में बाधा डाली गई
पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर काफी प्रयास के बाद ट्रकों को हटवाया और यातायात सुचारु कराया। तहरीर में कहा गया है कि चालकों द्वारा जानबूझकर लोकमार्ग पर अवरोध उत्पन्न कर पुलिसकर्मियों के सरकारी कार्य में बाधा डाली गई।
पुलिस ने घटना के संबंध में मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों व प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, सीसीटीवी फुटेज और वीडियो समेत अन्य साक्ष्य उपलब्ध होने की बात कही है। तहरीर के आधार पर संबंधित ट्रक चालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की मांग की गई है।