Firozabad News: पुलिस मुठभेड़, युवक की हत्या का नामजद आरोपी आकाश गिरफ्तार

Firozabad News: रामगढ़ के नगला गुलरिया में निर्माणाधीन मकान से युवक का शव मिला था, पुलिस मुठभेड़ में आरोपी आकाश घायल हुआ।

Update:2026-08-25 09:02 IST

Firozabad Murder Case

Firozabad News: जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान के अंदर मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने गिरफ्तारी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

निर्माणाधीन मकान में मिला था युवक का शव

मामला रामगढ़ थाना क्षेत्र के नगला गुलरिया का है। यहां 23 अगस्त को एक निर्माणाधीन मकान के अंदर अज्ञात युवक का शव मिला था। पुलिस ने शव की पहचान कराने के बाद मृतक की पहचान कमल, निवासी नगला केसरी, थाना एत्मादपुर, आगरा के रूप में की।

परिजनों की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा

मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना रामगढ़ में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में आकाश को नामजद आरोपी बनाया गया। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।

दबिश के दौरान पुलिस पर फायरिंग

पुलिस के अनुसार, आरोपी आकाश के छिपे होने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने दबिश दी। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई।इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।

Tags:    

Similar News