Firozabad News: नगला खंगर थाना के पास डॉक्टर को सीने में गोली मारने से सनसनी, युवक पर मुकदमा दर्ज
Firozabad News: फिरोजाबाद के नगला खंगर थाना क्षेत्र के पास डॉक्टर को सीने में गोली मारने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Firozabad News(Photo-Social Media)
Firozabad News: फिरोजाबाद जिले के नगला खंगर थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब थाना परिसर से करीब 200 मीटर की दूरी पर एक बंगाली डॉक्टर को गोली मार दी गई। गोली डॉक्टर के सीने में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल उपचार के लिए सरकारी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल की पहचान गौरव नामक बंगाली डॉक्टर के रूप में हुई है। घायल डॉक्टर ने पुलिस को बताया कि वह घटना के समय मोबाइल फोन चला रहा था। इसी दौरान कृष्णा नामक युवक वहां पहुंचा और उस पर गोली चला दी। गोली सीधे उसके सीने में जा लगी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना नगला खंगर पुलिस स्टेशन के बेहद करीब होने के कारण पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं। दिनदहाड़े थाना से कुछ ही दूरी पर हुई फायरिंग की घटना से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही नगला खंगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। पुलिस ने घायल डॉक्टर का बयान दर्ज कर लिया है और आरोपी युवक की तलाश में दबिश दी जा रही है।
फिलहाल पुलिस घटना के पीछे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अभी तक पुलिस की ओर से आधिकारिक रूप से कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।