Firozabad News: जमीन की नापतौल करने गई राजस्व टीम एवं थाना पुलिस पर पथराव, पांच आरोपी पकड़े गए
Firozabad News: धर्मनगर में एसडीएम के आदेश पर जमीन की पैमाइश कराने पहुंची राजस्व और पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया, पांच लोग हिरासत में लिए गए।
जमीन की नापतौल करने गई राजस्व टीम एवं थाना पुलिस पर पथराव, पांच आरोपी पकड़े गए (Photo- Social Media)
Firozabad News: फ़िरोज़ाबाद । सिरसागंज तहसील के गांव धर्मनगर में जमीन की पैमाइश कर दीवार लगवाने गई राजस्व विभाग तथा नसीरपुर पुलिस टीम को ग्रामीणों का विरोध झेलना पड़ा। ग्रामीणों ने विरोध करते हुए पुलिस एवं राजस्व विभाग की टीम पर इकतरफा कार्यवाही का आरोप लगाते हुए पथराव कर दिया। इसके चलते दोनों टीमों को अपनी जान बचाकर भागना पड़ा। नसीरपुर पुलिस ने इस मामले में पांच लोगो को हिरासत में लेकर शांति भंग में निरुद्ध किया है।
तहसील सिरसागंज क्षेत्र के अंतर्गत गांव मोहम्मदपुर नादई (धर्मनगर) निवासी सुनील कुमार का एक जमीनी मामला
एसडीएम सिरसागंज के न्यायालय में विचाराधीन था। जिस पर उप जिलाधिकारी द्वारा थाना पुलिस को शांति व्यवस्था बनाए रखने और पीड़ित की दीवार लगवाने के निर्देश दिये। इस मामले में थाना पुलिस शुक्रवार को गांव पहुंची और दूसरे पक्ष को समझा बुझाया और हड़काया। इसके बाद शनिवार को सुनील कुमार के पक्ष में गांव पहुंची और एसडीएम के आदेश के पालन में दोपहर दो बजे के करीब भूमि की पैमाइश कर दीवार लगवाने के लिए नायब तहसीलदार नरेशपाल सिंह, कानूनगो विनय कुमार, लेखपाल आशुतोष यादव एवं गौरव कुमार थाना नसीरपुर के उप निरीक्षक अतुल शर्मा धर्मनगर गए थे। उनके साथ राजस्व विभाग के अन्य सदस्य तथा नसीरपुर पुलिस मौजूद थी। जब टीम भूमि की पैमाइश करने के लिए गांव धर्मनगर पहुंची। तभी विपक्षी संत कुमार के परिजन सोनवीर,
मानवीर,शिव कुमार,रविकांत एवं संध्या देवी ने पैमाइश कर दीवार लगाने का विरोध करना शुरू कर दिया। पुलिस एवं राजस्व विभाग की टीम के समझाने पर भी वह नहीं माने। इसके बाद ग्रामीणों ने अचानक दोनों टीमों पर पथराव करना शुरू कर दिया। पथराव होता देख दोनों टीमों में खलबली मच गई।
आनन-फानन में सभी अधिकारी एवं पुलिसकर्मी अपनी-अपनी जान बचाने की जुगत में लग गए। किसी तरह दोनों टीम मौके से सुरक्षित निकल आई। इसके बाद नसीरपुर पुलिस ने गांव में अतिरिक्त फोर्स लगाकर डेरा डालते हुए पथराव करने वाले पांच आरोपियों को हिरासत में लिया है। इंस्पेक्टर नसीरपुर ज्ञानेंद्र सोलंकी ने बताया कि आरोपियों ने पत्थरबाजी की थी। पुलिस ने पकड़े गए पाचों आरोपियों का शांति भंग में चालान किया है।