Firozabad News: शिकोहाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, छह चोरी की बाइक और पार्ट्स सहित पांच गिरफ्तार

Firozabad News: शिकोहाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह चोरी की बाइक और भारी मात्रा में पार्ट्स बरामद किए हैं। इस दौरान पांच वाहन चोरों को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया।

Update:2026-05-18 17:07 IST

Firozabad News

Firozabad News: फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद थाना पुलिस टीम ने सोमवार को चोरी की छह मोटरसाइकिल और पांच कटी बाइकों के पार्ट्स बरामद कर पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक तमंचा और दो कारतूस भी बरामद किए हैं। पकड़े गए आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।इंस्पेक्टर अनुज कुमार ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु अभियान चलाया गया। इसी क्रम में रविवार रात थाना पुलिस चेकिंग कर रही थी। तभी पुलिस को सूचना मिली कि प्रतापपुर रोड से मलिखानपुर जाने वाले मार्ग पर रूपनगर के पास एक खाली मैदान में पांच वाहन चोर खड़े हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया।

पकड़े गए वाहन चोरों के कब्जे से छह चोरी की मोटरसाइकिल, पांच मोटरसाइकिलों के कटे पार्ट्स, एक देशी तमंचा और दो कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कन्हैया, अवधेश उर्फ बाबा और राजेश उर्फ लालू विभिन्न स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी करते थे और उन्हें रोहित व अशरफ के पास पहुंचाते थे। रोहित और अशरफ उन मोटरसाइकिलों के पार्ट्स खोलकर अलग-अलग बेच देते थे तथा शेष सामान कबाड़ में बेचकर रुपये आपस में बांट लेते थे।बरामद मोटरसाइकिलों में से एक मोटरसाइकिल थाना शिकोहाबाद में पूर्व से दर्ज बीएनएस के एक मामले से संबंधित पाई गई, जिसके आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।

इसके अतिरिक्त आरोपियों ने थाना नारखी क्षेत्र से भी मोटरसाइकिल चोरी कर उनके पार्ट्स खोलकर बेचने की बात स्वीकार की। आरोपियों की निशानदेही पर ग्राम नूरपुर, थाना जसराना स्थित एक दुकान से चोरी की मोटरसाइकिलों के भारी मात्रा में खुले पार्ट्स बरामद किए गए, जिनमें पेट्रोल टंकी, शॉकर, इंजन पार्ट्स, टायर, रिम, साइलेंसर और नंबर प्लेट आदि शामिल हैं।इस मामले में थाने पर प्राथमिकी दर्ज कर पकड़े गए आरोपियों को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया।पकड़े गए आरोपियों में कन्हैया (ग्राम जरेला, थाना जसराना), अवधेश उर्फ बाबा (ग्राम मोहिनीपुर, थाना शिकोहाबाद), राजेश उर्फ लालू (नगला कलू, थाना जसराना), रोहित (दलसापुर गुलाबपुर, थाना निधौली कला, जनपद एटा, हाल निवासी आवास विकास कॉलोनी, शिकोहाबाद) और अशरफ (मोहल्ला शीशपुरी, थाना जसराना) शामिल हैं।

Tags:    

Similar News