Gonda: डीआईजी, डीएम व एसपी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में सुनीं समस्याएं, 12 मामलों का मौके पर निस्तारण
Gonda News: गोंडा के करनैलगंज तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम, डीआईजी, एसपी और सीडीओ ने जन शिकायतें सुनीं। कुल 240 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें 12 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
Gonda News
Gonda News: शासन की मंशा के अनुरूप जनसामान्य की शिकायतों एवं समस्याओं का एक ही स्थान पर निस्तारण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गोंडा जनपद की सभी तहसीलों में शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया।तहसील करनैलगंज में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस उपमहानिरीक्षक देवीपाटन परिक्षेत्र अशोक कुमार शुक्ला, जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन, पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल तथा मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने शिकायतों के त्वरित, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान तहसील करनैलगंज में कुल 240 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 12 प्रार्थना पत्रों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रार्थना पत्रों के संबंध में अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान अधिकारियों ने निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों के निस्तारण हेतु टीमों का गठन किया जाए तथा टीम द्वारा मौके पर जाकर स्थलीय जांच कर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।अधिकारियों ने कहा कि अवैध अतिक्रमण और चकमार्ग से संबंधित मामलों का निस्तारण राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर किया जाए।
साथ ही तालाब की भूमि, चकरोड, नाली और अन्य सरकारी भूमि पर हुए अवैध कब्जों को पुलिस बल की सहायता से हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।उन्होंने निर्देश दिए कि शिकायतकर्ताओं को मौके पर बुलाया जाए तथा उनकी उपस्थिति का लिखित उल्लेख किया जाए। निस्तारण प्रक्रिया की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई जाए, ताकि कार्रवाई की पारदर्शिता बनी रहे।अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का मौके पर जाकर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए, अन्यथा संबंधित विभागीय अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।सम्पूर्ण समाधान दिवस के अंत में जिलाधिकारी ने उपस्थित सभी जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान शिकायतकर्ता पवन कुमार सिंह, निवासी ग्राम अकोहरी सरनाम पुरवा, ने शिकायत दर्ज कराई कि उनके गांव के चकमार्ग गाटा संख्या 1562 पर कुछ लोगों द्वारा अवैध अतिक्रमण कर लिया गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) परसपुर तथा संबंधित राजस्व निरीक्षक को स्थलीय जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी अनुराग प्रियदर्शी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतलाल, उपजिलाधिकारी करनैलगंज सुश्री नेहा मिश्रा, तहसीलदार करनैलगंज राहुल सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए सुशील कुमार पांडेय, अपर जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी माधवी पांडेय सहित विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।