Gonda News: अयोध्या से लापता बलिया के मजदूर का सड़ा-गला शव झाड़ियों में मिला

Gonda News: अयोध्या में मजदूरी करने वाला बलिया निवासी श्रमिक तीन दिन से लापता था। गोण्डा में उसका शव मिलने के बाद पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

Update:2026-06-25 22:50 IST

अयोध्या से लापता बलिया के मजदूर का सड़ा-गला शव झाड़ियों में मिला (Photo- Newstrack)

Gonda News: अयोध्या में मजदूरी करने वाले बलिया के एक श्रमिक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। गुरुवार सुबह नवाबगंज थाना क्षेत्र के दुर्गागंज माझा गांव में पुराने सरयू पुल के पास सड़क किनारे झाड़ियों में उसका सड़ा-गला शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक तीन दिन पहले अयोध्या से लापता हुआ था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

झाड़ियों में मिला कई दिन पुराना शव

गुरुवार स्थानीय लोगों ने पुराने सरयू पुल के बाईं ओर गांव जाने वाले रास्ते के किनारे शव पड़ा देखा। शव तीन-चार दिन पुराना होने के कारण बुरी तरह सड़-गल गया था। सूचना पर नवाबगंज पुलिस मौके पर पहुंची। अयोध्या में साथ काम करने वाले भीम कुमार राठौर ने शव की पहचान दिल्लू शाह (45) पुत्र निवासी कंडौली, थाना सहतवार, जिला बलिया के रूप में की।

अयोध्या से तीन दिन पहले हुआ था लापता

भीम कुमार ने पुलिस को बताया कि दिल्लू शाह अयोध्या स्थित रामकथा संग्रहालय परिसर में अन्य मजदूरों के साथ रहकर काम करता था। तीन दिन पहले वह कहीं जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। साथी मजदूरों ने काफी तलाश की और अयोध्या पुलिस को भी सूचना दी थी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत तीन-चार दिन पहले हुई प्रतीत हो रही है। शव की हालत देखकर मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ होगी। पुलिस हत्या, हादसा और बीमारी— सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतक दिल्लू शाह अपने पीछे पत्नी और चार बच्चे— सोनू (20), मोनू (15), धानू (10) व बेटी रूबी (17) को छोड़ गया है। घटना की सूचना मिलते ही बलिया स्थित घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

अयोध्या में काम करने निकला मजदूर गोण्डा में लाश बनकर मिला। तीन दिन तक परिवार तलाशता रहा और अब सड़ा-गला शव मिला। सवाल ये है कि दिल्लू शाह गोण्डा कैसे पहुंचा और उसकी मौत कैसे हुई? पोस्टमार्टम रिपोर्ट ही इस गुत्थी को सुलझाएगी।

Tags:    

Similar News