Gorakhpur News: गोरखपुर में 70 करोड़ की सड़क परियोजना का CM योगी ने किया लोकार्पण

Gorakhpur News: गोरखपुर में CM योगी ने ग्रीन सिटी-माधोपुर बंधा सड़क परियोजना का लोकार्पण किया। 1.8 किमी सड़क पर करीब 70 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।

Update:2026-08-11 19:44 IST

Gorakhpur News (Image Credit-Social Media)

गोरखपुर, 11 अगस्त: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विकास कार्यों की लगातार श्रृंखला से गोरखपुर की तस्वीर बदल रही है। शहर में बेहतर सड़क, फ्लाईओवर और ओवरब्रिज जैसी सुविधाओं के विस्तार से लोगों का आवागमन आसान हुआ है और यही गोरखपुर की नई पहचान बन रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि विकास का लाभ हर नागरिक तक पहुंचे और उसके जीवन में सुगमता आए।

मुख्यमंत्री मंगलवार को गोरखपुर-सोनौली मार्ग से ग्रीन सिटी होते हुए माधोपुर बंधा तक सड़क चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण परियोजना का लोकार्पण करने के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे। करीब 1.8 किलोमीटर लंबी इस सड़क परियोजना पर लगभग 70 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।

सड़क बनने से आवागमन हुआ आसान

नेताजी सुभाषचंद्र नगर में एसटीपी के पास आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि इस क्षेत्र में लंबे समय से आबादी और कई स्कूल मौजूद हैं, लेकिन सड़क संकरी होने के कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी होती थी। भारी वाहनों के आवागमन में भी दिक्कत आती थी।

नई सड़क बनने के बाद क्षेत्र के लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा मिली है। इसके साथ ही सड़क के दोनों तरफ ड्रेन बनाए जाने से जलभराव और जलनिकासी की समस्या का भी समाधान हुआ है।

वाराणसी, लखनऊ और नेपाल जाने में मिलेगी सुविधा

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रीन सिटी से माधोपुर बंधा तक बनी यह सड़क गोरखपुर के लिए महत्वपूर्ण कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएगी। अब वाराणसी, लखनऊ, नेपाल, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज और बलरामपुर की ओर जाने वाले लोगों को शहर के भीतर से होकर गुजरने की जरूरत कम होगी।

उन्होंने बताया कि राजघाट से हाबर्ट बंधा होते हुए माधोपुर तटबंध तक फोरलेन का काम किया जा रहा है। डोमिनगढ़ में फ्लाईओवर का निर्माण भी प्रस्तावित है। इसके बाद लोग डोमिनगढ़ फोरलेन बाईपास से कालेसर पहुंचकर लखनऊ मार्ग से जुड़ सकेंगे।

नेपाल और सोनौली की ओर जाने वालों को महेसरा होकर जाने की सुविधा भी मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर के नागरिकों के लिए सरकार लगातार नई सुविधाएं विकसित कर रही है।

1.8 किमी सड़क पर खर्च हुए करीब 70 करोड़ रुपये

नवनिर्मित सड़क राष्ट्रीय राजमार्ग-24 (सोनौली-नौतनवां-गोरखपुर) से निकलकर ग्रीन सिटी और पटनिया होते हुए माधोपुर बंधा तक जाती है। करीब 1.8 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण पर लगभग 70 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।

परियोजना के तहत सड़क को चौड़ा और मजबूत करने के साथ दोनों तरफ ड्रेन का निर्माण भी किया गया है। इससे सड़क से जुड़े ग्रीन सिटी और आसपास की अन्य कॉलोनियों के लोगों को आवागमन के साथ बेहतर जलनिकासी की सुविधा मिलेगी।

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच CM योगी ने किया लोकार्पण

जनसभा से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर-सोनौली राजमार्ग स्थित ग्रीन सिटी मोड़ पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच फीता काटकर सड़क परियोजना का लोकार्पण किया। उन्होंने लोकार्पण शिलापट्ट का अनावरण भी किया।

लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री इसी मार्ग से सड़क निर्माण कार्य का जायजा लेते हुए जनसभा स्थल पहुंचे।

स्थानीय लोगों ने फूल बरसाकर किया स्वागत

सड़क परियोजना की सौगात मिलने से उत्साहित स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री का जगह-जगह स्वागत किया। जनसभा स्थल की ओर जाते समय करीब एक दर्जन स्थानों पर लोगों ने जयकारे लगाए और फूल बरसाकर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।

मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए मार्ग के किनारे सजाए गए दो हाथी भी आकर्षण का केंद्र रहे।

सावन शिवरात्रि पर दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समारोह में मौजूद लोगों को सावन शिवरात्रि की बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान भोलेनाथ से सभी नागरिकों के सुख, समृद्धि और कल्याण की प्रार्थना की।

कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद, सांसद रवि किशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News