Hapur News: हापुड़ में कोर्ट चैंबर का वीडियो वायरल करने का आरोप, केस दर्ज
Hapur News: हापुड़ में अधिवक्ता ने मुवक्किल पर कोर्ट चैंबर में बिना अनुमति वीडियो बनाने और सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप लगाया, पुलिस ने केस दर्ज किया।
हापुड़ में कोर्ट चैंबर का वीडियो वायरल करने का आरोप, केस दर्ज (Photo- Newstrack)
Hapur News: नगर कोतवाली क्षेत्र में न्यायालय परिसर से जुड़ा एक मामला सामने आया है। मेरठ रोड स्थित आवास विकास निवासी अधिवक्ता जयभगवान शर्मा ने अपने मुवक्किल विजय डोगरा पर सीजीएम न्यायालय के चैंबर कक्ष में कथित तौर पर बिना अनुमति वीडियोग्राफी करने और बाद में उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप लगाया है। अधिवक्ता की शिकायत पर नगर कोतवाली पुलिस ने आरोपी विजय डोगरा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मुकदमे की पैरवी के दौरान न्यायालय पहुंचे थे अधिवक्ता
अधिवक्ता जयभगवान शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि विजय डोगरा निवासी ओम विहार, उत्तम नगर, नई दिल्ली ने स्वयं को दिल्ली हाईकोर्ट का अधिवक्ता बताते हुए उनसे संपर्क किया था। इसके बाद वह विजय डोगरा के एक मुकदमे में अधिवक्ता के तौर पर पैरवी कर रहे थे। उक्त मुकदमा सीजीएम न्यायालय में विचाराधीन बताया गया है।अधिवक्ता के मुताबिक, वह विजय डोगरा और उसके साथ आए एक अन्य अधिवक्ता के साथ लंच के बाद न्यायालय पहुंचे थे। वहां उन्होंने पेशकार के माध्यम से न्यायाधीश से मिलने की अनुमति मांगी। अनुमति मिलने के बाद वह न्यायालय के चैंबर में पहुंचे। आरोप है कि उनके पीछे विजय डोगरा और उसका साथी भी चैंबर तक पहुंच गए।
तारीख नियत कराने के बाद सामने आया VIDEO का मामला
तहरीर के अनुसार, चैंबर में अधिवक्ता ने न्यायाधीश के समक्ष मामले से संबंधित अनुरोध किया, जिसके बाद पत्रावली में अगली तारीख 28 जुलाई 2026 नियत की गई। इसके बाद अधिवक्ता को कथित तौर पर जानकारी हुई कि विजय डोगरा ने बिना अनुमति न्यायालय के चैंबर के अंदर की वीडियोग्राफी कर ली है।अधिवक्ता का आरोप है कि इस वीडियो को बाद में सोशल मीडिया पर भी वायरल कर दिया गया। उनका कहना है कि वीडियो को वायरल करने का उद्देश्य न्यायालय की छवि को नुकसान पहुंचाना था।
VIDEO वायरल करने की बात पर धमकी देने का आरोप
अधिवक्ता जयभगवान शर्मा ने अपनी तहरीर में यह भी आरोप लगाया है कि जब उन्होंने विजय डोगरा से वीडियो वायरल करने के संबंध में बात की तो आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। मामले की जानकारी होने के बाद अधिवक्ता ने पुलिस से शिकायत करते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
'खुद को अधिवक्ता बताता था', जांच में सामने आएगा सच
तहरीर में अधिवक्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि बाद में उन्हें जानकारी हुई कि विजय डोगरा वास्तव में अधिवक्ता नहीं है। शिकायतकर्ता ने आरोपी पर अलग-अलग परिस्थितियों में खुद को कभी पुलिसकर्मी तो कभी न्यायाधीश के रूप में प्रस्तुत करने का आरोप भी लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट, जांच शुरू
सीओ अनीता चौहान ने बताया कि अधिवक्ता जयभगवान शर्मा की तहरीर के आधार पर विजय डोगरा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की गहनता से जांच कराई जा रही है। पुलिस द्वारा वीडियो, सोशल मीडिया पर उसके प्रसार और शिकायत में लगाए गए अन्य आरोपों की भी जांच की जाएगी। जांच में आरोप सही पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।