Hapur News: 18 वर्षीय युवती लापता, मां ने बहला-फुसलाकर ले जाने और नकदी-जेवर चोरी का आरोप लगाया

Hapur News: हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में 18 वर्षीय युवती के लापता होने से हड़कंप मच गया। मां ने बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया।

By :  Avnish Pal
Update:2026-08-19 14:48 IST

Hapur News(Photo-Social Media)

Hapur News: थाना गढमुक्तेश्वर क्षेत्र में 18 वर्षीय युवती के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। युवती की मां ने एक युवक पर बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है। परिजनों के मुताबिक, युवती के घर से जाने के बाद करीब 70 हजार रुपये नकद और चांदी के जेवर भी गायब मिले। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी है।गढ़ क्षेत्र की रहने वाली महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी 18 वर्षीय बेटी 17 अगस्त की शाम करीब सात बजे घर पर थी। आरोप है कि इसी दौरान राजेश नाम का युवक उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। कुछ समय बाद जब परिजनों को बेटी घर पर नहीं मिली तो उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश करने के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं लग सका।

घर से नकदी और जेवर गायब मिलने पर बढ़ी चिंता

महिला के अनुसार, बेटी की तलाश के दौरान घर में रखे करीब 70 हजार रुपये नकद और चांदी के जेवर भी नहीं मिले। इससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई। इसके बाद उन्होंने थाना गढमुक्तेश्वर पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी और बेटी को जल्द बरामद कराने की गुहार लगाई।परिजनों ने पुलिस से आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई करने और युवती को सुरक्षित बरामद कराने की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

उपनिरीक्षक ऋषव सिंह को सौंपी गई जांच

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मामले की विवेचना उपनिरीक्षक ऋषव सिंह को सौंपी गई है। पुलिस युवती और उसके साथ बताए जा रहे युवक की तलाश के लिए संभावित ठिकानों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही युवती के मोबाइल संपर्क और उसके घर से निकलने के बाद की गतिविधियों के संबंध में भी जांच की जा रही है।पुलिस का कहना है कि युवती की बरामदगी के बाद उसके बयान के आधार पर पूरे घटनाक्रम की स्थिति और स्पष्ट होगी। मामले में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस की टीमें युवती की तलाश में जुटीं

सीओ राहुल यादव ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और युवती की तलाश के लिए पुलिस टीम को लगाया गया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। युवती को जल्द बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Tags:    

Similar News