Hapur News: स्टेशन का रास्ता पूछकर शुरू किया ठगी का खेल, महिला के सोने के कुंडल लेकर फरार हुए ठग
Hapur News: हापुड़ में ठगों ने रेलवे स्टेशन का रास्ता पूछकर महिला को रुपये का लालच दिया और करीब चार ग्राम सोने के कुंडल लेकर फरार हो गए।
Hapur News
Hapur News: यूपी के जनपद हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र में ठगी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें शातिर ठगों ने पहले रेलवे स्टेशन का रास्ता पूछकर बातचीत शुरू की और फिर रुपये मिलने का लालच देकर एक महिला के करीब चार ग्राम सोने के कुंडल उतरवा लिए। ठगों ने महिला को विश्वास में लेने के बाद रुमाल बदलकर असली कुंडलों की जगह नकली कुंडल और नोटों की जगह बच्चों के खेलने वाले नकली नोटों की गड्डी थमा दी। घटना के बाद पीड़िता को ठगी का अहसास हुआ तो उसके होश उड़ गए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में ठगी करने वाले दो संदिग्ध युवक कैद हुए हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान करने में जुटी है।
स्टेशन का रास्ता पूछकर बनाया भरोसा
जानकारी के अनुसार निशा गोल मार्केट स्थित कमल क्लॉथ सेंटर पर काम करती हैं। मंगलवार को वह किसी काम से दुकान से बाहर निकली थीं। इसी दौरान रास्ते में एक युवक ने उन्हें रोककर रेलवे स्टेशन जाने का रास्ता पूछा। निशा ने युवक को स्टेशन का रास्ता बता दिया।इसी दौरान वहां एक अन्य महिला पहुंच गई। युवक ने उससे भी स्टेशन का रास्ता पूछा और बातचीत का सिलसिला आगे बढ़ाया। बताया जा रहा है कि युवक के हाथ में लाल रंग का एक छोटा बैग था। बातचीत के दौरान उसने बैग खोलकर रुपये की गड्डियां दिखाईं।
नोटों की गड्डियां दिखाकर दिया लालच
रुपयों की गड्डियां देखकर महिला ने युवक से पूछा कि उसके पास इतना पैसा कहां से आया। आरोप है कि युवक ने इसी सवाल को अपने ठगी के खेल का जरिया बना लिया। उसने महिला को बताया कि इसी तरह उसे भी रुपये मिल सकते हैं।इसके बाद युवक ने महिला से अपने कानों के कुंडल उतारकर सफेद रुमाल में रखने को कहा। उसे भरोसा दिलाया गया कि इसके बदले उसे रुपये भी मिलेंगे और उसके कुंडल भी वापस कर दिए जाएंगे।महिला कथित तौर पर ठग की बातों में आ गई और उसने अपने कुंडल उतारकर रुमाल में रख दिए। इसके बाद उसने निशा को भी कुंडल उतारने के लिए कहा और रुपये मिलने का लालच दिया।
पहले मना किया, फिर बातचीत में फंस गईं निशा
निशा ने शुरुआत में कुंडल उतारने से साफ इनकार कर दिया। इसी दौरान युवक का दूसरा साथी भी वहां पहुंच गया। आरोप है कि दोनों युवकों और महिला ने मिलकर निशा को बातचीत में उलझाना शुरू कर दिया।कुछ देर तक बातचीत और रुपये मिलने के लालच के बाद निशा भी उनकी बातों में आ गईं। उन्होंने अपने करीब चार ग्राम वजन के सोने के कुंडल उतारकर सफेद रुमाल में रख दिए।आरोप है कि जैसे ही निशा ने अपने सोने के कुंडल रुमाल में रखे, ठगों ने बड़ी चालाकी से रुमाल बदल दिया। इसके बाद लाल रंग के बैग में पहले से रखी नकली नोटों की गड्डी और नकली कुंडल रखकर बैग निशा को थमा दिया गया।ठगों ने उन्हें इस तरह विश्वास में लिया कि उन्हें लगा कि उनके असली सोने के कुंडल और रुपये सुरक्षित हैं। बैग हाथ में देने के बाद दोनों संदिग्ध युवक वहां से निकल गए।
दुकान पहुंचकर खोला बैग तो उड़ गए होश
निशा बैग लेकर वापस कमल क्लॉथ सेंटर पहुंचीं। दुकान पर पहुंचने के बाद जब उन्होंने बैग खोलकर देखा तो उनके होश उड़ गए। बैग में असली रुपये की जगह बच्चों के खेलने वाले नकली नोटों की गड्डी और असली सोने के कुंडलों की जगह नकली कुंडल मिले।अपने साथ ठगी होने का पता चलते ही निशा परेशान हो गईं और रोने लगीं। उन्हें रोता देखकर दुकान मालिक और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। निशा ने लोगों को पूरी घटना बताई।इसके बाद दुकान मालिक उन्हें लेकर कोतवाली नगर पहुंचे, जहां घटना की तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।
सीसीटीवी में कैद हुए संदिग्ध
घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। बताया गया है कि फुटेज में ठगी में शामिल बताए जा रहे दो संदिग्ध युवक दिखाई दे रहे हैं। नगर कोतवाली प्रभारी मनीष चौहान ने बताया कि अब उनकी पहचान करने के साथ ही घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने जल्द घटना का पर्दाफाश कर आरोपितों को गिरफ्तार करने का भरोसा दिया है।