Hapur News : दूध निकाल रहे युवक पर जानलेवा हमला, सड़क पर पथराव से मचा हड़कंप, छह आरोपी नामजद

Hapur News : हापुड़ में सनसनी: भाई खालिद सहित 6 रिश्तेदारों ने मारुफ पर लाठी-डंडों व ईंटों से हमला किया, सिर फटने से लहूलुहान, सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज

Update:2025-12-11 13:48 IST

Hapur News :- यूपी के जनपद हापुड़ की नगर कोतवाली क्षेत्र में एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई, जिसने पूरे इलाक़े में तनाव और दहशत का माहौल बना दिया। रामपुर रोड निवासी मारुफ नाम के युवक पर उसके ही रिश्तेदारों ने उस समय हमला कर दिया, जब वह रोज़ की तरह अपने घेर में भैंसों का दूध निकाल रहा था। शांत माहौल अचानक चीख-पुकार में बदल गया, जब छह लोगों ने घेराबंदी कर मारुफ को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।

भागते युवक पर बरसा पथराव, सिर फूटकर लहूलुहान

मारुफ ने बताया कि 6 दिसंबर की शाम करीब साढ़े छह बजे वह अपने घेर में काम कर रहा था। तभी उसका भाई खालिद और उसके साथी बिलाल, कासिम, शानू, भूरा और गुटू वहां आ धमके। बिना वजह बताए उन्होंने अचानक उस पर हमला कर दिया।हमले से बचने के लिए वह किसी तरह दौड़कर सड़क की तरफ भागा, लेकिन आरोपी पीछे-पीछे पहुंच गए। सड़क पर आते ही उस पर पथराव शुरू हो गया। एक भारी ईंट उसके सिर पर आकर लगी और वह खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा।

इस दौरान सड़क पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। कई लोग अपनी दुकानों के शटर गिराकर अंदर घुस गए, वहीं कुछ लोग डर के मारे दूर खड़े होकर घटना होते देखते रहे। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

परिजनों ने पहुंचकर बचाई जान, अस्पताल में भर्ती

गंभीर रूप से घायल मारुफ को किसी तरह उसके परिजन पास के अस्पताल ले गए, जहां उसके सिर और शरीर पर कई चोटें पाई गईं। डॉक्टरों ने बताया कि समय पर इलाज न मिलता तो घायल की हालत और गंभीर हो सकती थी।

पुलिस की कार्रवाई शुरू, छह आरोपी नामजद

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।नगर कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर खालिद, बिलाल, कासिम, शानू, भूरा और गुटू के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Tags:    

Similar News