Hapur News: झगड़े के बाद खौफनाक कदम! हापुड़ में दंपती ने पी लिया पेट्रोल
Hapur News: हापुड़ में मामूली झगड़े के बाद दंपती ने पी लिया पेट्रोल, पत्नी की हालत नाज़ुक, मेरठ रेफर।
झगड़े के बाद खौफनाक कदम! हापुड़ में दंपती ने पी लिया पेट्रोल (photo: social media )
Hapur News: यूपी के जनपद हापुड़ की नगर कोतवाली क्षेत्र के रफीकनगर में वो हुआ, जिसने पूरे इलाके को सन्नाटे में डाल दिया। मामूली कहासुनी देखते ही देखते खौफनाक रूप ले बैठी। पहले पत्नी ने पेट्रोल पीकर मौत को गले लगाने की कोशिश की, फिर पति ने भी वही कदम उठाकर सनसनी फैला दी। चीख-पुकार से मोहल्ला गूंज उठा और देखते ही देखते चारों ओर हड़कंप मच गया।
मामूली झगड़े से शुरू हुई दर्दनाक कहानी
रफीकनगर की गली नंबर 9 में रहने वाले जावेद की शादी करीब आठ साल पहले खुशनुमा से हुई थी। तीन बच्चों के इस छोटे से परिवार में मंगलवार रात अचानक तूफान आ गया। बताया जा रहा है कि बेरोजगार जावेद शराब का आदी है और अक्सर घर में झगड़ा करता रहता था।उस रात भी जावेद बाजार से खाना लेकर लौटा। खाने के दौरान किसी बात पर विवाद शुरू हुआ, और लफ्ज़ों का तकरार मारपीट में बदल गया। गुस्से से लाल हुई खुशनुमा घर से बाहर निकली और पड़ोसी की बाइक से पेट्रोल निकालकर पी गई।कुछ ही पलों में उसकी हालत बिगड़ी। यह देखकर जावेद ने भी बिना सोचे-समझे पेट्रोल पी लिया। दोनों की हालत देखकर बच्चों और पड़ोसियों में चीख-पुकार मच गई।
पुलिस ने दिखाई फुर्ती, पत्नी मेरठ रेफर
घटना की जानकारी मिलते ही जदीद चौकी प्रभारी प्रवीण चौधरी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में दोनों को अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने खुशनुमा की गंभीर हालत को देखते हुए तुरंत मेरठ रेफर कर दिया, जहां वह फिलहाल जिंदगी और मौत से जूझ रही है।पति जावेद की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जांच में जुटी पुलिस, बोले थाना प्रभारी
थाना प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र बिष्ट ने बताया कि यह मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा,“दोनों के बीच आपसी विवाद की बात सामने आई है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
पूरे इलाके में मातम, लोग बोले, “ऐसी नौबत क्यों आई?”
घटना के बाद पूरे मोहल्ले में सन्नाटा पसरा हुआ है। हर कोई यही सवाल पूछ रहा है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि दोनों ने इतना खौफनाक कदम उठा लिया। पड़ोसी बताते हैं कि जावेद और खुशनुमा के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि कभी ये झगड़ा जानलेवा साबित होगा।