Hapur News: वन स्टॉप सेंटर पहुंचीं डीएम, महिलाओं की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
Hapur News: हापुड़ में डीएम कविता मीना ने वन स्टॉप सेंटर-सखी का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं, रजिस्टर, लंबित मामलों, 181 हेल्पलाइन, 112 सेवा, सीसीटीवी और सुरक्षा इंतजामों की जांच की।
Hapur News
Hapur News: महिलाओं और बालिकाओं को संकट की स्थिति में एक ही छत के नीचे चिकित्सा, पुलिस, कानूनी और मनोवैज्ञानिक सहायता उपलब्ध कराने वाले वन स्टॉप सेंटर-सखी का बुधवार को जिलाधिकारी कविता मीना ने औचक निरीक्षण किया। डीएम के अचानक पहुंचने से सेंटर में मौजूद कर्मचारियों में भी हलचल मच गई। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा और अधिकारियों-कर्मचारियों को पीड़ित महिलाओं के साथ संवेदनशील व्यवहार करने के साथ-साथ शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सेंटर पहुंचकर सबसे पहले वहां उपलब्ध सेवाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने पीड़ित महिलाओं के आगमन रजिस्टर, सहायता रजिस्टर और रेफरल रिकॉर्ड का अवलोकन किया। इसके साथ ही लंबित प्रकरणों की स्थिति की जानकारी लेते हुए संबंधित कर्मचारियों से पूछा कि मामलों के निस्तारण में देरी क्यों हो रही है।डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पीड़ित महिलाओं और बालिकाओं से जुड़े मामलों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। जरूरत के अनुसार संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर कार्रवाई को आगे बढ़ाया जाए।
181 और 112 से समन्वय की परखी व्यवस्था
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने 181 महिला हेल्पलाइन और 112 आपातकालीन सेवा के साथ वन स्टॉप सेंटर के समन्वय की भी जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि किसी महिला या बालिका की ओर से सहायता के लिए कॉल आने पर रिस्पांस टाइम न्यूनतम रखा जाए और जरूरतमंद तक जल्द से जल्द सहायता पहुंचाई जाए।डीएम ने कहा कि संकट की स्थिति में मदद मांगने वाली महिला के लिए समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। इसलिए सूचना मिलने के बाद कार्रवाई में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
कर्मचारियों की उपस्थिति भी जांची
जिलाधिकारी ने वन स्टॉप सेंटर में तैनात प्रशासक, केस वर्कर, काउंसलर, नर्स और सुरक्षा कर्मियों की उपस्थिति पंजिका की भी जांच की। उन्होंने सेंटर में उपलब्ध मानव संसाधन और पीड़ित महिलाओं को दी जा रही सेवाओं के संबंध में जानकारी ली।उन्होंने यह भी देखा कि सेंटर में आने वाली महिलाओं को मेडिकल सहायता, पुलिस सहायता, कानूनी सलाह, मनोवैज्ञानिक परामर्श और आवश्यकता पड़ने पर अस्थायी आश्रय की सुविधा किस प्रकार उपलब्ध कराई जा रही है।
CCTV और अग्निशमन व्यवस्था भी देखी
निरीक्षण के दौरान डीएम कविता मीना ने सेंटर परिसर की साफ-सफाई, सीसीटीवी कैमरों, अग्निशमन यंत्रों और महिला सुरक्षा से जुड़े इंतजामों का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए और सीसीटीवी समेत सभी आवश्यक उपकरण लगातार क्रियाशील स्थिति में रखे जाएं।सेंटर परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर रखने और महिलाओं के लिए सुरक्षित एवं भरोसेमंद वातावरण सुनिश्चित करने पर भी उन्होंने जोर दिया।
"संकट के समय महिलाओं के लिए सहारा है वन स्टॉप सेंटर"
जिलाधिकारी कविता मीना ने कहा कि वन स्टॉप सेंटर महिलाओं और बालिकाओं के लिए संकट के समय महत्वपूर्ण सहारा है। यहां आने वाली प्रत्येक महिला और बालिका के साथ संवेदनशीलता, सम्मान और सहयोग की भावना से व्यवहार किया जाना चाहिए।उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि पीड़ित महिला की समस्या को गंभीरता से सुना जाए और उसे आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। जरूरत पड़ने पर संबंधित विभागों से तत्काल समन्वय स्थापित कर मामले का समाधान कराया जाए।