Hapur News: दहेज के लालच में दरिंदगी, दो बच्चों के साथ महिला को निकाला घर से बाहर, अब न्याय की गुहार
Hapur News: पीड़िता ने आरोप लगाया कि दहेज न मिलने पर न सिर्फ़ उसे, बल्कि उसके दो मासूम बच्चों को भी घर से निकाल दिया गया।
दहेज के लालच में दरिंदगी, दो मासूम बच्चों के साथ महिला को निकाला घर से बाहर (photo: social media)
Hapur News: दहेज की भूख ने एक बार फिर इंसानियत को शर्मसार कर दिया। उत्तर प्रदेश के हापुड़ जनपद के गढ़मुक्तेश्वर की रहने वाली एक अमनपसंद और कानून पर भरोसा रखने वाली महिला ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में पति और ससुराल वालों पर ऐसे आरोप लगाए हैं, जिससे समाज सन्न रह गया है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि दहेज न मिलने पर न सिर्फ़ उसे, बल्कि उसके दो मासूम बच्चों को भी घर से निकाल दिया गया। धमकियां दी गईं और जबरन कागजों पर दस्तख़त कराए गए।
शादी और खर्च
महिला की शादी 15 फरवरी 2016 को हिंदू रीति-रिवाज से नई दिल्ली निवासी अजीत के साथ हुई थी। मायकेवालों ने विवाह में लगभग 15 लाख रुपये खर्च कर फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान, सोने-चांदी के जेवर और महंगे कपड़े दिए। इसके बावजूद शादी के कुछ महीनों बाद से ही पति अजीत, सास जगवती, जेठ जितेंद्र, ननद रोज़ी और उसका पति सुनील, ज्योति और उसका पति नरेश, पूजा और उसका पति सुनील लगातार कम दहेज लाने के ताने देने लगे।
उत्पीड़न और नई माँगें
शिकायत के अनुसार, ससुराल पक्ष ने पाँच लाख रुपये नकद और चार पहिया वाहन की माँग शुरू कर दी। रोज़ाना गाली-गलौच, बाल खींचकर मारपीट और “भिखारी खानदान” कहकर अपमान करना आम हो गया। महिला के दोनों बेटों युवाश और मयंक के जन्म और पालन-पोषण का पूरा खर्च भी मायकेवालों को ही उठाना पड़ा।
बंधक बनाना और जान से मारने की धमकी
महिला का आरोप है कि ससुराल में उसे भरपेट खाना तक नहीं मिलता था और मायकेवालों से संपर्क करने पर रोक थी। हालात इतने बिगड़ गए कि पति अजीत और बहन राधिका ने चाकू दिखाकर बच्चों को जान से मारने की धमकी दी और उससे कोरे कागज़ों पर ज़बरदस्ती हस्ताक्षर कराए।
31 मई 2025 की दरिंदगी
पीड़िता के मुताबिक़ 31 मई को दहेज की माँग पूरी न करने पर आरोपितों ने उसे बुरी तरह पीटा और दोनों बच्चों समेत केवल पहने हुए कपड़ों में घर से बाहर धक्के मारकर निकाल दिया। जाते-जाते धमकी दी गई “दहेज लाए बिना घर मत आना, वरना जान से मार देंगे।”अब पीड़िता अपने मायके में रह रही है और आरोप है कि ससुराल वाले लगातार उसे झूठे मुक़दमे में फँसाने और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। मजबूर होकर उसने एसपी से न्याय की गुहार लगाई है।
एसपी का बयान
हापुड़ के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कुंवर ज्ञानजय सिंह ने कहा कि “पीड़िता की शिकायत गंभीर है। दहेज उत्पीड़न जैसे अपराधों को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संबंधित थाना पुलिस को तुरंत जाँच कर कठोर धाराओं में मुक़दमा दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। आरोपियों को क़ानून के मुताबिक़ कड़ी से कड़ी सज़ा दिलाई जाएगी।”