Hapur News: करनपुर जट्ट गांव में झगड़ा, अवैध पिस्टल से फायरिंग, पुलिस ने जांच तेज की

Hapur News: हापुड़ के करनपुर जट्ट गांव में झगड़े के दौरान युवक ने अवैध पिस्टल से फायरिंग की।

By :  Avnish Pal
Update:2025-08-30 22:25 IST

करनपुर जट्ट गांव में झगड़ा, अवैध पिस्टल से फायरिंग, पुलिस ने जांच तेज की (Photo- Newstrack)

Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के धौलाना थाना क्षेत्र के गांव करनपुर जट्ट में शनिवार सुबह हुए विवाद ने सनसनी फैला दी। गांव में दो पक्षों के बीच झगड़े के दौरान एक युवक के हाथ में अवैध पिस्टल नजर आई, जिससे दोनों गुटों में दहशत फैल गई। आरोप है कि पिस्टल से हवाई फायरिंग भी की गई। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे पूरे इलाके में खौफ का माहौल है।

झगड़ा और गोलीबारी के आरोप

स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह गांव के दो गुटों में किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट होने लगी। इसी बीच एक युवक हाथ में पिस्टल लहराते हुए दिखाई दिया। गवाहों का दावा है कि पिस्टल से फायरिंग भी की गई। हालांकि अभी तक किसी के घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन घटना ने ग्रामीणों में भय पैदा कर दिया।

वीडियो वायरल, पुलिस अलर्ट

घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि एक व्यक्ति झगड़े के दौरान पिस्टल पकड़े हुए है। दोनों पक्ष अब एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं कि पिस्टल विपक्षी गुट की थी और उसी से गोली चली। पुलिस वीडियो की सत्यता की जांच कर रही है और इसमें नजर आ रहे लोगों की पहचान करने में जुटी है।

सीओ पिलखुवा अनीता चौहान का बयान

मामले पर सीओ पिलखुवा अनीता चौहान ने कहा थाना धौलाना क्षेत्र के गांव करनपुर जट्ट में हुए विवाद की जांच की जा रही है। वायरल वीडियो में युवक के हाथ में अवैध पिस्टल दिखाई दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि यह हथियार कहां से आया और किसका है। दोषी पक्ष के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"

गांव में तनाव, पुलिस तैनात

घटना के बाद से गांव करनपुर जट्ट में तनाव का माहौल बना हुआ है। एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।

अवैध हथियारों पर सवाल

यह घटना एक बार फिर से सवाल खड़ा करती है कि ग्रामीण इलाकों में आखिर अवैध पिस्टल और तमंचे कैसे आसानी से पहुंच रहे हैं। पुलिस का कहना है कि अवैध हथियारों की सप्लाई चेन का भी पता लगाया जाएगा और इसमें शामिल लोगों पर शिकंजा कसा जाएगा।

Tags:    

Similar News