Hapur News: पत्नी गई थी पंजाब, पीछे से घर में घुसे चोर; 30 हजार नकदी और सोने-चांदी के जेवर चोरी
Hapur News: हापुड़ के कृष्णगंज मोहल्ले में चोरों ने बंद कमरे का ताला तोड़कर 30 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। वारदात के समय मकान मालिक ऊपर की मंजिल पर सो रहा था।
Hapur News
Hapur News :- हापुड़ कोतवाली क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं। कृष्णगंज मोहल्ले में बेखौफ चोरों ने एक मकान को निशाना बनाकर हजारों रुपये की नकदी और सोने-चांदी के कीमती आभूषण चोरी कर लिए। हैरानी की बात यह है कि वारदात के दौरान मकान मालिक विजय कुमार घर की ऊपरी मंजिल पर ही सो रहा था, लेकिन उसे चोरी की भनक तक नहीं लगी। चोरों ने मकान के निचले कमरे का ताला तोड़ा और इत्मीनान से कीमती सामान समेटकर फरार हो गए। सुबह नीचे पहुंचने पर टूटा ताला और कमरे में बिखरा सामान देखकर पीड़ित के होश उड़ गए।
पत्नी पंजाब गई थी, घर में अकेला था विजय
जानकारी के अनुसार, कृष्णगंज मोहल्ला निवासी विजय कुमार पुत्र भीम सिंह मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। परिवार में पत्नी उर्मिला और दो बेटे रुद्र (15) तथा तनिष्क (10) हैं। बताया गया कि रिश्तेदारी में एक व्यक्ति की मौत होने के कारण उर्मिला पंजाब गई हुई थी। विजय कुमार रात में मकान की ऊपरी मंजिल पर सो रहे थे। इसी दौरान चोरों ने मकान को निशाना बना लिया।आरोप है कि देर रात चोरों ने मकान के निचले कमरे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद कमरे में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी खंगाल डाली। चोर सोने का मंगलसूत्र, दो सोने की अंगूठियां, गले की सोने की हंसली, चांदी की पाजेब, कानों के कुंडल और 30 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
सुबह टूटा ताला देखकर उड़े होश, पुलिस से लगाई गुहार
सुबह विजय कुमार जब ऊपरी मंजिल से नीचे कमरे में पहुंचे तो दरवाजे का ताला टूटा देखकर उनके होश उड़ गए। अंदर जाकर देखा तो सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और अलमारी व अन्य स्थानों पर रखे जेवर तथा नकदी गायब थी। इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस बोली- तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई
कोतवाली प्रभारी मनोज बालियान ने बताया कि कृष्णगंज मोहल्ले में चोरी की घटना की जानकारी मिली है। पीड़ित की ओर से तहरीर मिलने के बाद मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।