कार्तिक मेले के श्रद्धालुओं को रेलवे की सौगात, गढ़मुक्तेश्वर तक दौड़ेगी शटल ट्रेन
Hapur News: 23 और 24 नवंबर को गाजियाबाद-मुरादाबाद के बीच मेला स्पेशल ट्रेन चलेगी, जिससे श्रद्धालुओं को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।
Hapur News: गढ़मुक्तेश्वर में आयोजित कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेले में पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं की राह आसान बनाने के लिए रेलवे ने विशेष इंतजाम किए हैं। मेले में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए तिलकब्रिज-बुलंदशहर के बीच संचालित होने वाली शटल पैसेंजर ट्रेन का अस्थायी विस्तार गढ़मुक्तेश्वर तक किया जाएगा। इसके साथ ही गाजियाबाद से मुरादाबाद के बीच मेला स्पेशल ट्रेन भी चलाई जाएगी। रेलवे के इस फैसले से श्रद्धालुओं को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
बुलंदशहर के बजाय गढ़मुक्तेश्वर तक पहुंचेगी शटल
रेलवे की ओर से जारी व्यवस्था के अनुसार, 23 नवंबर को तिलकब्रिज से बुलंदशहर जाने वाली शटल पैसेंजर ट्रेन अपने नियमित गंतव्य बुलंदशहर तक नहीं जाएगी। इस दिन ट्रेन का संचालन गढ़मुक्तेश्वर रेलवे स्टेशन तक किया जाएगा। ट्रेन रात 8 बजकर 43 मिनट पर हापुड़ रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। यहां पांच मिनट के ठहराव के बाद रात 8 बजकर 48 मिनट पर गढ़मुक्तेश्वर के लिए रवाना होगी।
सुबह 5:25 बजे गढ़मुक्तेश्वर से होगी वापसी
वहीं, 24 नवंबर को वापसी में यही ट्रेन सुबह 5 बजकर 25 मिनट पर गढ़मुक्तेश्वर रेलवे स्टेशन से तिलकब्रिज के लिए रवाना होगी। ट्रेन सुबह 6 बजकर 35 मिनट पर हापुड़ रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। मेले के बाद शटल ट्रेन का संचालन फिर से अपने निर्धारित रूट तिलकब्रिज से बुलंदशहर के बीच नियमित रूप से किया जाएगा।
गढ़मुक्तेश्वर में 10 ट्रेनों का भी ठहराव
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने गढ़मुक्तेश्वर रेलवे स्टेशन पर 10 ट्रेनों का अस्थायी ठहराव भी निर्धारित किया है। इसके अलावा गाजियाबाद-मुरादाबाद के बीच मेला स्पेशल ट्रेन संचालित करने की व्यवस्था की गई है, जिससे अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं को मेले तक पहुंचने और वापस लौटने में सहूलियत मिल सकेगी।मुरादाबाद रेलवे मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए रेलवे की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। यात्रियों की सुविधा और भीड़ को देखते हुए ट्रेनों के ठहराव तथा अतिरिक्त संचालन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।