Hapur News : सात सवारी वाली बाइक रुकी चेकिंग पॉइंट पर, और जो हुआ वो तस्वीर बन गई ‘वायरल मिसाल’
Hapur News : हापुड़ पुलिस ने सात सवारी वाली बाइक रोककर दिखाई इंसानियत की मिसाल, प्यार से समझाया ट्रैफिक नियमों का महत्व।
Hapur Police Viral Photo ( Image From Social Media )
Hapur News: कार्तिक पूर्णिमा मेले की भीड़... गंगा स्नान को जा रहे श्रद्धालुओं की लहरें... हर रास्ता आस्था से भरा हुआ था। इसी भीड़ के बीच पलवाड़ा रोड के चेकिंग पॉइंट पर कुछ ऐसा नज़ारा देखने को मिला जिसने हर किसी का दिल जीत लिया।एक बाइक पर सवार था एक चालक और उसके साथ छह मासूम बच्चे कुल सात जिंदगियां एक साथ सफर कर रही थीं!पुलिस ने जैसे ही उन्हें रोका, लोग सोचने लगे कि अब चालान कटेगा... डांट पड़ेगी... पर हापुड़ पुलिस का अंदाज़ बिल्कुल अलग था।
सात सवारी, एक बाइक और पुलिस का मानवीय चेहरा
गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के पलवाड़ा रोड चेकिंग पॉइंट पर मेला ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों ने जब यह दृश्य देखा तो पहले चौंके, लेकिन अगले ही पल उन्होंने जो किया, उसने सबके चेहरे पर मुस्कान ला दी।ट्रैफिक हेड कांस्टेबल चमन ख़ान मुस्कुराते हुए आगे बढ़े और बोले “भाई साहब, आप अपने बच्चों को लेकर निकले हैं, ये बहुत प्यारा दृश्य है।लेकिन अगर कुछ हो गया तो ये मुस्कान हमेशा के लिए चली जाएगी.।कृपया ट्रैफिक नियमों का पालन करें, आपकी और बच्चों की जान सबसे कीमती है।”बच्चे चुपचाप सुनते रहे, चालक ने सिर झुका लिया और कुछ ही पलों में पूरा चेकिंग पॉइंट इंसानियत से भर गया।उनके साथ ड्यूटी पर मौजूद कांस्टेबल गौरव तोमर और होमगार्ड रोहित ने भी उसी अपनापन भरे अंदाज़ में लोगों को जागरूक किया। किसी को फटकार नहीं, बल्कि प्यार से समझाना यही थी इस टीम की असली पहचान।*
यातायात प्रभारी ने दिया बड़ा संदेश
हापुड़ यातायात प्रभारी छवि राम ने बताया कि यह घटना कार्तिक पूर्णिमा मेला चेकिंग पॉइंट की है, जहां पुलिस श्रद्धालुओं को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक कर रही है।“कार्तिक पूर्णिमा मेला आस्था का पर्व है, लेकिन सुरक्षा सबसे जरूरी है।हमारी टीम का मकसद किसी को डराना नहीं, बल्कि समझाना है।जुर्माने से ज्यादा असर प्यार भरे शब्दों का होता है, और आज की ये तस्वीर उसी का उदाहरण है।”छवि राम ने आगे बताया कि जिलेभर में ‘सुरक्षा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है ताकि कोई भी श्रद्धालु या आम नागरिक सड़क पर लापरवाही न करे।
राहगीरों ने कहा ‘यही है नई सोच की पुलिस’
मौके पर मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर पुलिस की इस पहल की तारीफ की।एक वृद्ध श्रद्धालु मेघराज ने कहा पहले पुलिस को देखकर लोग डरते थे, लेकिन अब गर्व महसूस करते हैं।ये पुलिस दिल से सेवा कर रही है।”
वायरल हुई तस्वीर, हजारों लोगों ने किया शेयर
किसी ने इस पल की तस्वीर खींच ली और देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वह वायरल मिसाल बन गई।लोगों ने कमेंट किए “ये तस्वीर नहीं, सीख है।”“ऐसी पुलिस हर शहर में होनी चाहिए।”“ये इंसानियत की पुलिसिंग है, डंडे की नहीं।”
हापुड़ पुलिस का संदेश कार्तिक पूर्णिमा मेले के श्रद्धालुओं के लिए“सड़क सुरक्षा ही जीवन सुरक्षा है।हेलमेट पहनें, नियमों का पालन करें।आप गंगा स्नान करने आए हैं पुण्य कमाने, गलती से जान गंवाने नहीं।”