Hapur News: निर्माणाधीन मकान पर ईंट उतरवाना पड़ा भारी, प्रधान पर दबंगों का जानलेवा हमला, हालत गंभीर
Hapur News: हापुड़ में निर्माणाधीन मकान के लिए ईंट उतरवाने को लेकर प्रधान पर दबंगों ने जानलेवा हमला किया, हालत गंभीर
Hapur News: यूपी के जनपद हापुड़ की नगर कोतवाली क्षेत्र के गांव जोगीपुरा में उस समय हड़कंप मच गया, जब निर्माणाधीन मकान के लिए ईंट उतरवाना गांव के प्रधान को भारी पड़ गया। मामूली कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई और दबंगों ने प्रधान सहित उनके परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना में प्रधान गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें हालत नाजुक होने पर मेरठ रेफर किया गया है।
यह था पूरा घटनाक्रम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव जोगीपुरा निवासी अरुण ने थाने में दर्ज कराई गई तहरीर में बताया कि 15 अप्रैल की दोपहर उसके चाचा और गांव के प्रधान ओमेश कश्यप अपने निर्माणाधीन मकान के लिए ट्राली से ईंट उतरवाकर घर में डलवा रहे थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले पप्पू और उसके परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और रास्ते में ईंट पड़े होने को लेकर आपत्ति जताने लगे। बताया गया है कि प्रधान ने थोड़ी देर में ईंट हटवाने की बात कही, लेकिन यह बात पड़ोसियों को नागवार गुजरी। आरोप है कि इसी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने गाली-गलौच शुरू कर दी और देखते ही देखते सरियों व लाठी-डंडों से प्रधान ओमेश कश्यप पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
बचाने आए परिजनों को भी बनाया निशाना
प्रधान की चीख-पुकार सुनकर उनका पुत्र यश कश्यप और भतीजा मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन हमलावरों ने उन्हें भी नहीं छोड़ा। आरोपियों ने दोनों पर भी जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी। ग्रामीणों को देख आरोपी फरार, दी जान से मारने की धमकी, घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। भीड़ को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद घायल प्रधान और अन्य घायलों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया।
गंभीर हालत में मेरठ रेफर
डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद प्रधान ओमेश कश्यप की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें मेरठ के लिए रेफर कर दिया। अन्य घायलों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच शुरू
इस मामले में नगर कोतवाली के प्रभारी विनोद पांडेय ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।