Hapur News: उधार के एक लाख रुपये मांगने पर महिला पर जानलेवा हमला, भतीजे और भाई पर केस दर्ज

Hapur News: हापुड़ में 1 लाख रुपये के उधार विवाद को लेकर महिला पर जानलेवा हमला, भतीजे और भाई पर मुकदमा दर्ज, पुलिस जांच में जुटी

By :  Avnish Pal
Update:2026-04-17 13:08 IST

Hapur News: जनपद हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र के गांव दादरी में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। अपनी मां और भाई से मिलने आई एक महिला को उसके ही भतीजे और भाई ने मिलकर बेरहमी से पीट दिया। घटना के पीछे एक लाख रुपये के पुराने लेनदेन का विवाद बताया जा रहा है।

6 साल पुराना उधार बना विवाद की जड़

पीड़िता मंजू, जो मेरठ के थाना कंकरखेड़ा क्षेत्र स्थित आनंद विहार कॉलोनी की रहने वाली है, ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि करीब छह साल पहले उसके भतीजे विशांत ने उससे एक लाख रुपये उधार लिए थे। लंबे समय तक रुपये वापस न मिलने पर जब उसने तगादा शुरू किया तो आरोपी टालमटोल करने लगा।बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा था।

घर में घुसकर की मारपीट, लाठी-डंडों से हमला

पीड़िता के अनुसार, वह 3 अप्रैल की शाम अपने गांव दादरी में अपनी मां कमलकौर और भाई राजकुमार से मिलने आई थी। इसी दौरान उसका भतीजा विशांत अपने मामा कंवर सैन के साथ जबरन घर में घुस आया।आरोप है कि दोनों ने आते ही गाली-गलौच शुरू कर दी और विरोध करने पर लाठी-डंडों, लात-घूंसों से हमला कर दिया। इस हमले में महिला को गंभीर चोटें आईं।

ग्रामीणों के पहुंचते ही आरोपी फरार

मारपीट का शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचने लगे। लोगों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए।पीड़िता का आरोप है कि जाते-जाते आरोपी उसे दोबारा गांव में दिखने पर जान से मारने की धमकी देकर गए।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच शुरू

घटना के बाद पीड़िता किसी तरह सदर कोतवाली पहुंची और आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी।नगर कोतवाली प्रभारी विनोद पांडेय ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर विशांत और कंवर सैन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

Tags:    

Similar News