Hapur News : सनातन धर्म की तारीफ पर महिला को पीटा, ससुराल से निकाला, अब जान से मारने की धमकी

Hapur News : हापुड़ में महिला को सनातन धर्म की प्रशंसा करना पड़ा भारी, ससुरालवालों ने पीटा और अब जान से मारने की धमकी दी जा रही है।

By :  Avnish Pal
Update:2025-11-10 12:33 IST

सनातन धर्म की तारीफ पर महिला को पीटा ( Image From Social  Media )

Hapur News:-सदर कोतवाली क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला को सिर्फ इसलिए प्रताड़ित किया गया क्योंकि उसने सनातन धर्म की तारीफ कर दी थी। महिला ने आरोप लगाया है कि उसके पति और ससुराल पक्ष ने न केवल उसके साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया, बल्कि अब उसे जान से मारने और तेजाब डालने की धमकी भी दी जा रही है।

क्या है पूरा मामला?

मेरठ जिले के थाना किठौर के कस्बा शाहजहांपुर निवासी रजीना की शादी वर्ष 2016 में जैदयार खान, निवासी इरेमा टावर, महागुन मेस्कोर्ट, जिला गाजियाबाद से हुई थी। शादी में मिले दान-दहेज से ससुराल पक्ष खुश नहीं था। आरोप है कि ससुराल वाले बार-बार कार और दो लाख रुपये की मांग करते थे। विरोध करने पर महिला के साथ आए दिन मारपीट होती थी।

सनातन धर्म की तारीफ की तो निकाल दिया घर से”

रजीना के मुताबिक, वह दो बच्चों की मां है और नौकरी भी करती थी। काम करने पर ससुराल पक्ष ने उसके चरित्र पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। इसी बीच जब उसने घर में एक चर्चा के दौरान सनातन धर्म की प्रशंसा कर दी, तो पति, सास हुमैरा बेगम, ससुर नवेद और देवर हमजा ने उसे बुरी तरह पीटा और घर से बाहर निकाल दिया।

धमकी भरे कॉल और तेजाब डालने की चेतावनी

महिला ने बताया कि अब उसे अज्ञात नंबरों से लगातार धमकी भरे कॉल और मैसेज मिल रहे हैं। संदेशों में उसे जान से मारने और चेहरे पर तेजाब डालने की धमकियां दी जा रही हैं। डर के कारण वह अब अपनी सहेली के घर रह रही है।

सामान लेने पहुंची तो दी गई हत्या की धमकी

कुछ दिन पहले जब वह अपनी ससुराल में सामान और स्कूटी लेने पहुंची, तो आरोपियों ने उसे घर में घुसने नहीं दिया और हत्या करने की धमकी दी। महिला ने कहा कि अब न तो मायका पक्ष और न ही ससुराल पक्ष उसे अपनाने को तैयार है।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

सिटी कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि महिला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने कहा कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सोशल मीडिया पर छाया मामला

यह मामला सोशल मीडिया पर भी तेजी से चर्चा में है। कई लोग इसे धार्मिक असहिष्णुता और महिला उत्पीड़न से जोड़कर देख रहे हैं। सवाल उठ रहा है कि आखिर किसी धर्म की प्रशंसा करना अपराध कैसे बन गया?

Tags:    

Similar News