Hapur News: हापुड़ में कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेला 2025 की तैयारी जोरों पर, एडीजी ने की सुरक्षा बैठक
Hapur News: एडीजी भानु भास्कर ने अधिकारियों संग की सुरक्षा बैठक, 25 अस्थाई थाने, 14 जोन और 32 सेक्टरों में बंटी मेला व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्राथमिकता।
हापुड़ में कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेला 2025 की तैयारी जोरों पर, एडीजी ने की सुरक्षा बैठक (Photo- Newstrack)
Hapur News: हापुड़ के खादर क्षेत्र में लगने वाले वार्षिक कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेले 2025 के लिए सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है। शनिवार को मेला स्थल पर अस्थाई पुलिस लाइन के सभागार में मेरठ जोन के एडीजी भानु भास्कर की अध्यक्षता में एक विशेष बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में डीआईजी कलानिधि नैथानी, जिलाधिकारी अभिषेक पांडे, एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह, एडीएम संदीप कुमार, सीडीओ हिमांशु गौतम, मुख्य चिकित्साधिकारी सुनील कुमार त्यागी, एसडीएम श्रीराम यादव और सीओ स्तुति सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।एडीजी भानु भास्कर ने बैठक में जानकारी देते हुए बताया कि इस बार मेला स्थल पर 25 अस्थाई थाने बनाए गए हैं और पूरे क्षेत्र को 14 जोन और 32 सेक्टर में बांटा गया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और मेला सुचारू रूप से संचालित हो।
मेला की अवधि और श्रद्धालु आगमन
उन्होंने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेला आज से शुरू हो चुका है और यह 6 नवंबर तक चलेगा। मेले में हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से हजारों श्रद्धालु हिस्सा लेंगे। एडीजी ने कहा कि पिछले साल की तुलना में इस बार श्रद्धालुओं की संख्या में काफी बढ़ोतरी होने की संभावना है।
यातायात और ट्रैफिक व्यवस्था
मेला क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालु ट्रैक्टर, बुग्गी, चार-पहिया और दो-पहिया वाहनों सहित अन्य साधनों से पहुंचते हैं। भीड़ और जाम की समस्या को रोकने के लिए पूरे शहर का नक्शा तैयार किया गया है और यातायात पुलिस सहित विभिन्न जिलों से अतिरिक्त फोर्स को बुलाया गया है। एडीजी ने कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए स्पेशल मार्ग और पार्किंग जोन बनाए गए हैं।
सुरक्षा की पूरी तैयारी
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पीएसी, आरआरएफ, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, फायर ब्रिगेड और कम्युनिकेशन टीम सहित अन्य सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है। एडीजी ने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 के तहत डीएम और एसपी ने सुरक्षा और आपात स्थिति के लिए विशेष तैयारियां की हैं।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेला परिसर में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और सभी श्रद्धालु सुरक्षित रहें। इसके लिए मेला स्थल पर सुरक्षा निगरानी और आपातकालीन सेवा केंद्र स्थापित किए गए हैं।
प्रशासनिक बैठक और जिम्मेदारियां
बैठक में जिले से सटे अमरोहा, मेरठ और आसपास के जिलों के एसपी, एडीएम, सीओ और एसडीएम उपस्थित रहे। अधिकारियों को सुरक्षा, यातायात और आपात स्थिति संभालने के लिए अलग-अलग जिम्मेदारी दी गई।
जागरूकता और सूचना
इस बार मेला परिसर में जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। श्रद्धालकों को स्वच्छता, सुरक्षा नियम और आपातकालीन नंबरों की जानकारी देने के लिए होर्डिंग्स और सूचना बोर्ड लगाए जा रहे हैं। साथ ही, स्वास्थ्य और फायर सेफ्टी के लिए मेडिकल टीम और फायर सर्विस की पूरी तैयारी की गई है।
एडीजी का संदेश
एडीजी भानु भास्कर ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन और आपातकालीन सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह से सजग है और किसी भी अप्रत्याशित परिस्थिति से निपटने के लिए संपूर्ण फोर्स तैयार रहेगा।