Hapur News : मेरठ में दिल दहला देने वाली वारदात: प्रॉपर्टी विवाद में पिता पर बेटे की हत्या का आरोप

Hapur News : मेरठ में संपत्ति विवाद ने लिया खूनी मोड़, पिता पर बेटे की हत्या का आरोप, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया।

By :  Avnish Pal
Update:2026-06-02 09:02 IST

Meerut Murder Case

Hapur News :-मेरठ और हापुड़ से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। प्रॉपर्टी विवाद ने एक परिवार को ऐसी त्रासदी में धकेल दिया, जहां एक पिता पर अपने ही जवान बेटे की गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि गांव में सन्नाटा और दहशत का माहौल बना हुआ है।मामला मेरठ के खरखौदा थाना क्षेत्र स्थित गांव कैली फ्लाईओवर के नीचे का है, जहां सोमवार देर रात 27 वर्षीय युवक तुषार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मृतक के पिता सुंदर को नामजद हत्यारोपित बनाया है और उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

फोन कर बुलाया और फिर हो गया खूनी विवाद

जानकारी के अनुसार हापुड़ देहात थाना क्षेत्र के गांव दोयमी निवासी तुषार सोमवार देर रात अपने घर से निकला था। सूत्रों के मुताबिक उसके पिता सुंदर ने उसे फोन कर गांव कैली फ्लाईओवर के पास मिलने के लिए बुलाया था। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच काफी समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था।जैसे ही दोनों आमने-सामने आए, बातचीत विवाद में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों और सूत्रों के अनुसार कहासुनी इतनी बढ़ गई कि सुंदर ने तमंचे से तुषार पर फायरिंग कर दी।

सिर में लगी गोली, मौके पर ही गिर पड़ा तुषार

आरोप है कि सुंदर ने तुषार पर दो गोलियां चलाईं। एक गोली उसके सिर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

खरखौदा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल तुषार को अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

पत्नी के नाम की संपत्ति बनी खूनी संघर्ष की वजह

सूत्रों के अनुसार जिस संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था, वह सुंदर की पत्नी के नाम दर्ज है। बताया जा रहा है कि तुषार उस जमीन या संपत्ति को बेचना चाहता था, जबकि उसके पिता सुंदर इसका विरोध कर रहे थे।इसी मुद्दे को लेकर पिता-पुत्र के बीच लंबे समय से तनाव बना हुआ था। कई बार परिवार के अन्य सदस्यों और गांव के सम्मानित लोगों ने दोनों के बीच समझौता कराने की कोशिश की, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ। आखिरकार यही विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया।

दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

तुषार की मौत के बाद उसकी पत्नी शिखा पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार में मातम का माहौल है। मृतक अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है, जिनके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया।

मृतक की मां ब्रजेश, पत्नी शिखा और बहन मोना का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों का कहना है कि उन्हें कभी कल्पना भी नहीं थी कि संपत्ति का विवाद इस हद तक पहुंच जाएगा कि एक पिता पर अपने बेटे की हत्या का आरोप लग जाएगा।

गांव में पसरा सन्नाटा, हर कोई हैरान

घटना के बाद गांव दोयमी और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों का कहना है कि यह घटना सिर्फ एक हत्या नहीं, बल्कि रिश्तों के टूटने की सबसे दर्दनाक मिसाल है।गांव के लोगों के बीच पूरे दिन इसी घटना की चर्चा होती रही। लोग इस बात से स्तब्ध हैं कि जिस पिता ने बेटे को बचपन से पाल-पोसकर बड़ा किया, उसी पर अब बेटे की हत्या का आरोप लग रहा है।

हत्यारोपित का आपराधिक इतिहास भी चर्चा में

ग्रामीणों के अनुसार आरोपी सुंदर का नाम पहले भी कई गंभीर मामलों में सामने आ चुका है। चर्चा है कि वर्ष 1997 में अपने दादा की हत्या के मामले में भी वह नामजद रहा था। इसके अलावा दिल्ली समेत विभिन्न राज्यों में हत्या, रंगदारी और अन्य संगीन अपराधों से जुड़े मुकदमे दर्ज होने की बात भी सामने आ रही है।हालांकि पुलिस इन सभी पहलुओं की भी जांच कर रही है और आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में जुटीं

वारदात के बाद आरोपी सुंदर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले का खुलासा किया जाएगा।

क्या बोले सीओ सिटी?

सीओ सिटी वरुण मिश्रा ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर थाना देहात पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। घटना मेरठ जनपद के खरखोदा थाने से जुडी है तो खरखोदा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले की गहन जांच की जा रही है।  

Tags:    

Similar News