Hapur News: रहस्यमय ढंग से लापता हुई किशोरी, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जनपद के कोतवाली क्षेत्र से 16 वर्षीय किशोरी के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
Hapur News(Photo-Social Media)
Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जनपद के कोतवाली क्षेत्र से 16 वर्षीय किशोरी के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। परिजनों ने थाना सिंभावली क्षेत्र के युवक पर बहला-फुसलाकर किशोरी को अपने साथ ले जाने का गंभीर आरोप लगाया है। मामला पुलिस अधीक्षक तक पहुंचने के बाद हरकत में आई पुलिस ने आरोपित युवक के खिलाफ अपहरण सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर किशोरी की तलाश तेज कर दी है। घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन लगातार बेटी की सकुशल बरामदगी की मांग कर रहे हैं, जबकि पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश देकर आरोपी और किशोरी की तलाश में जुटी हुई है।
28 अप्रैल से लापता है किशोरी
पीड़िता की मां द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, उनकी 16 वर्षीय पुत्री 28 अप्रैल 2026 को संदिग्ध परिस्थितियों में घर से अचानक लापता हो गई थी। पहले परिवार को लगा कि शायद किशोरी किसी रिश्तेदारी या परिचित के यहां गई हो, लेकिन काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लग सका। परिजनों ने रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के क्षेत्रों में लगातार खोजबीन की, लेकिन हर प्रयास नाकाम रहा। बेटी के अचानक गायब होने से परिवार गहरे सदमे और भय के माहौल में जी रहा है।
तलाश में सामने आया युवक का नाम
परिवार का आरोप है कि छानबीन के दौरान पता चला कि थाना सिंभावली क्षेत्र के गांव हरौड़ा निवासी इंद्रपाल शर्मा उर्फ गोलू किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। जांच में यह बात भी सामने आई कि दोनों के बीच पहले से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
घटना के बाद परिजनों ने आरोपी युवक से मोबाइल फोन पर कई बार संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं की। वर्तमान में भी आरोपी का मोबाइल फोन बंद या पहुंच से बाहर बताया जा रहा है।
आरोपित के परिजनों पर भी सहयोग न करने का आरोप
पीड़िता की मां का कहना है कि जब वह आरोपी युवक के परिजनों के पास बेटी के बारे में जानकारी लेने पहुंचीं तो वहां से भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इससे परिवार की चिंता और बढ़ गई।इसके बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर बेटी की बरामदगी और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने तत्काल रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए।
एसपी बोले- जल्द बरामद होगी किशोरी
पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि, तहरीर के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ अपहरण सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीमों को किशोरी की तलाश में लगाया गया है और संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा है कि, मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।