Hapur News: मिनी ट्रक पर खरोंच बनी बवाल की वजह, धारदार हथियार से युवक पर हमला, गांव में मचा हड़कंप
Hapur News: हापुड़ के मुरादपुर गांव में मिनी ट्रक पर स्क्रैच को लेकर विवाद हिंसक हो गया। युवक पर धारदार हथियार से हमला, कई लोग घायल।
Hapur News(Photo-Social Media)
Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जनपद के देहात थाना क्षेत्र स्थित गांव मुरादपुर में एक मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। यहां मिनी ट्रक पर स्क्रेच लगने को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। जिसको लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडे, सरिया और धारदार हथियार चले। वहीं इस घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरे पक्ष के भी कई लोगों को चोटें आई हैं। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया।
मिनी ट्रक पर स्क्रेच लगने से शुरू हुआ विवाद
यहां पुलिस को दी गई तहरीर में क्षेत्र के ही मुरादपुर निवासी सलमान ने बताया है कि, शनिवार दोपहर करीब तीन बजे उसने अपना मिनी ट्रक गांव की सड़क किनारे खड़ा किया था। इसी दौरान किसी व्यक्ति द्वारा वाहन पर स्क्रेच लगा दिया गया। जब इसकी जानकारी हुई तो सलमान का साला युसुफ मामले की जानकारी लेने के लिए गांव निवासी फरदीन के पास पहुंचा। बताया जा रहा है कि, बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से गाली-गलौज और मारपीट होने लगी। आरोप है कि फरदीन, फिरोज, शहजाद और एजाज ने एक राय होकर युसुफ पर हमला बोल दिया।
धारदार हथियार से हमला, युवक घायल
वहीं पीड़ित पक्ष का आरोप है कि, आरोपितों ने पहले लाठी-डंडों और लोहे की सरिया से हमला किया। इसी दौरान फरदीन ने धारदार हथियार निकालकर युसुफ पर वार कर दिया। हमले में युसुफ गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। युवक के लहूलुहान होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई।
वहीं घटना की सूचना फैलते ही गांव में बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। संघर्ष के दौरान भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। बताया गया कि दूसरे पक्ष के फरदीन, शहजाद और सानिया को भी चोटें आई हैं।
गांव में तनाव, पुलिस ने संभाला मोर्चा
वहीं इस घटना की सूचना मिलते ही थाना देहात पुलिस मौके पर पहुंच गई। जिसके बाद पुलिस ने घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मारपीट के दौरान दोनों पक्षों में काफी देर तक हंगामा होता रहा। ग्रामीणों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। घटना के बाद आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
चार नामजद आरोपितों पर रिपोर्ट दर्ज
वहीं इस बाबत जानकारी देते हुए थाना देहात प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि, पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर फरदीन, फिरोज, शहजाद और एजाज के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपितों की तलाश शुरू कर दी गई है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।