Hapur News: बारिश में बच्चों की जान से खिलवाड़, छुट्टी के बावजूद खुले स्कूल,बीएसए का बड़ा एक्शन
Hapur News: बारिश के बावजूद खुले स्कूल पर बीएसए की बड़ी कार्रवाई, जांच शुरू
Hapur News
Hapur News :-हापुड़ जिले में पिछले तीन दिनों से लगातार भारी बारिश हो रही है। लगातार हो रही बरसात से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त है। जगह-जगह जलभराव, नालों का उफान और दीवार गिरने जैसी घटनाओं का खतरा बना हुआ है। ऐसे हालातों को देखते हुए जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय ने बुधवार शाम सभी शिक्षण संस्थानों को बंद रखने का आदेश जारी किया था, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।लेकिन इस आदेश की अनदेखी करते हुए कुछ निजी स्कूलों ने गुरुवार को भी अपनी कक्षाएं जारी रखीं। जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) डॉ. श्वेता पूठिया और बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) रितु तोमर ने जब अलग-अलग क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया तो एम.पी.एस. पब्लिक स्कूल, गोहरा आलमगिर में बच्चे कक्षा में पढ़ते मिले।
स्कूल प्रबंधन को नोटिस, जांच शुरू
जैसे ही टीम को यह जानकारी मिली, बीएसए रितु तोमर ने तुरंत स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी किया और सख्त शब्दों में चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के आदेशों का पालन करना सभी स्कूलों के लिए अनिवार्य है। यदि कोई संस्था लापरवाही करती है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।बीएसए ने साफ शब्दों में कहा बारिश के कारण दीवार गिरने, करंट लगने और अन्य हादसों का खतरा बना हुआ है। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ही छुट्टी घोषित की गई थी। ऐसे में स्कूल खोलना विद्यार्थियों की जान के साथ खिलवाड़ है। आदेश का उल्लंघन करने वाले संस्थानों की मान्यता रद्द भी की जा सकती है।”
अभिभावकों में गुस्सा
इस घटना के सामने आने के बाद अभिभावकों में भी रोष है। कई अभिभावकों का कहना है कि “बारिश में जहां बड़े-बड़े पेड़ गिर रहे हैं और गलियों में पानी भरा हुआ है, वहां बच्चों को स्कूल बुलाना समझ से परे है। ऐसे हालात में स्कूल प्रबंधन बच्चों को खतरे में डाल रहा है।”
सोशल मीडिया पर उठे सवाल
यह मामला सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। लोग प्रशासन से सवाल कर रहे हैं कि आखिर जब स्पष्ट आदेश जारी किया गया था तो कुछ स्कूलों ने इसे क्यों नजरअंदाज किया। कई यूजर्स ने शिक्षा विभाग से मांग की है कि ऐसे स्कूलों पर तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी संस्था बच्चों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ न कर सके।
आगे की कार्रवाई
फिलहाल शिक्षा विभाग ने एम.पी.एस. पब्लिक स्कूल के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। जिम्मेदारों की जवाबदेही तय की जा रही है और रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधितों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।