Hardoi News: गल्ला मंडी मार्ग की जर्जर हालत से लोग परेशान, जिम्मेदार बेखबर
Hardoi News: गल्ला मंडी को जोड़ने वाली जर्जर सड़क से लोग परेशान, जिम्मेदार चुप्पी साधे बैठे, बारिश में कीचड़ तो गर्मी में उड़ती धूल
Hardoi galla mandi Road Issues
Hardoi News: शहर के रेलवे गंज स्थित हनुमान मंदिर के सामने से गल्ला मंडी की ओर जाने वाला मुख्य मार्ग लंबे समय से अपनी बदहाली की कहानी बयां कर रहा है। यह सड़क जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, जिससे स्थानीय निवासियों और राहगीरों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। हालात इतने गंभीर हैं कि बरसात के दिनों में यह मार्ग जलभराव और दलदल का रूप ले लेता है, जबकि गर्मी में उड़ती धूल लोगों का जीना मुश्किल बना देती है।
स्थानीय व्यापारियों और क्षेत्रवासियों का कहना है कि गल्ला मंडी हरदोई की सबसे व्यस्त जगहों में से एक है, जहां प्रतिदिन हजारों लोगों का आना-जाना लगा रहता है। लेकिन मार्ग की दुर्दशा के कारण न तो खरीदार और न ही विक्रेता आराम से यहां आ-जा पाते हैं। बड़े-बड़े गड्ढों के कारण आए दिन वाहन फंस जाते हैं, जिससे जाम की स्थिति भी उत्पन्न हो जाती है।सड़कों के निर्माण और मरम्मत पर करोड़ों रुपये खर्च करने के दावे करने वाली सरकार और प्रशासन इस मार्ग की दुर्दशा पर आंखें मूंदे हुए हैं
लोगों का कहना है कि कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। जिम्मेदार विभागों की लापरवाही साफ झलक रही है। सड़कों के निर्माण और मरम्मत पर करोड़ों रुपये खर्च करने के दावे करने वाली सरकार और प्रशासन इस मार्ग की दुर्दशा पर आंखें मूंदे हुए हैं।
व्यापारियों ने भी कहा कि खराब रास्ते की वजह से मंडी का कारोबार प्रभावित हो रहा है।लोगों का सवाल है कि आखिर विकास के दावे करने वाले जनप्रतिनिधि इस सड़क की हालत क्यों नहीं देख पा रहे। बदहाल मार्ग क्षेत्रवासियों की मुश्किलें तो बढ़ा ही रहा है, साथ ही प्रशासन की उदासीनता भी उजागर कर रहा है।