Hardoi News : डीएम चौराहे से अशोक स्तम्भ हटाने की खबर भ्रामक, प्रशासन ने किया खंडन

Hardoi News: हरदोई में डीएम चौराहे से अशोक स्तम्भ हटाए जाने की खबर भ्रामक निकली, प्रशासन ने स्पष्ट किया कि स्तम्भ अपने स्थान पर यथावत है।

Update:2026-05-28 10:51 IST

Hardoi News

Hardoi News : हरदोई में इन दिनों सोशल मीडिया पर डीएम चौराहे से अशोक स्तम्भ हटाए जाने को लेकर कई तरह की खबरें प्रसारित की जा रही थीं। इन खबरों के वायरल होने के बाद प्रशासन ने पूरे मामले का संज्ञान लेते हुए स्थिति स्पष्ट की है। जांच के दौरान यह सामने आया कि अशोक स्तम्भ को हटाने संबंधी दावे पूरी तरह निराधार और भ्रामक हैं।प्रशासन की ओर से जारी जानकारी में बताया गया कि नगर पालिका परिषद हरदोई द्वारा शहर के प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों का सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है।

इसी क्रम में डीएम चौराहे पर भी कार्य चल रहा है। हालांकि, अशोक स्तम्भ को हटाने जैसी कोई कार्रवाई नहीं की गई है। अशोक स्तम्भ पहले की तरह अपने स्थान पर सुरक्षित और यथावत स्थापित है।अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कुछ सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर बिना पुष्टि के गलत सूचनाएं प्रसारित की जा रही हैं, जिससे आम लोगों में भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है। प्रशासन ने ऐसे दावों का पूरी तरह खंडन करते हुए लोगों से अपील की है कि वे किसी भी खबर को साझा करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांच लें।

भ्रामक तरीके से अशोक स्तम्भ हटाए जाने की अफवाह फैला दी

हरदोई पुलिस में बताया कि नगर पालिका की ओर से शहर को अधिक आकर्षक और व्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न चौराहों पर रंग-रोगन, प्रकाश व्यवस्था और अन्य सौंदर्यीकरण कार्य किए जा रहे हैं। इसी कार्य को लेकर कुछ लोगों ने भ्रामक तरीके से अशोक स्तम्भ हटाए जाने की अफवाह फैला दी, जबकि वास्तविकता इससे बिल्कुल अलग है।

प्रशासन ने कहा कि अफवाह फैलाने या गलत जानकारी प्रसारित करने से सामाजिक भ्रम की स्थिति बनती है, इसलिए नागरिकों को जिम्मेदारी के साथ सोशल मीडिया का उपयोग करना चाहिए। साथ ही यह भी बताया गया कि डीएम चौराहे पर लगे अशोक स्तम्भ की वर्तमान स्थिति की छायाप्रति भी जारी की गई है, जिससे लोगों को सही जानकारी मिल सके।प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें और किसी भी भ्रामक खबर को आगे प्रसारित न करें।

Tags:    

Similar News