Hardoi में महानवमी पर काली माता मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब
Navratri: महानवमी पर हरदोई के प्राचीन काली माता मंदिर में भक्तों की भीड़, पूजा-अर्चना, कन्या भोज और मां के आशीर्वाद के लिए दिनभर उमड़ी श्रद्धा।
Hardoi News महाकाली मंदिर में आस्था का सैलाब (image from Social Media)
Hardoi Navratri News: महानवमी के पावन अवसर पर हरदोई जिले के मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचकर माता की आराधना में लीन हो गए। मोहलिया शिवपार स्थित प्राचीन काली माता मंदिर में विशेष रौनक रही। तड़के ही मंदिर के कपाट खोले गए और मां के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। भक्तों ने पूजा-अर्चना कर कन्या भोज कराया और माता के चरणों में आशीर्वाद की कामना की।सैकड़ों वर्ष पुराने इस मंदिर का इतिहास काफी रोचक है। मान्यता है कि यहां मां काली के दरबार में जो भी भक्त सच्चे मन से मन्नत मांगता है, उसकी मनोकामना अवश्य पूरी होती है। पुरानी परंपराओं के अनुसार, भक्त अपनी मन्नत पूरी होने पर मां को जीभ काटकर भेंट चढ़ाते थे। मान्यता यह भी है कि जीभ पुनः जुड़ जाती थी। मंदिर परिसर में इस चमत्कार को लेकर वर्षों से लोगों की गहरी आस्था रही है।
महानवमी के मौके पर मंदिर परिसर सज-धज कर तैयार किया गया था
कहा जाता है कि एक बार एक भक्त ने अपनी मन्नत पूरी होने पर काली माता के दरबार में अपनी गर्दन तक काट ली थी। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और प्रशासन ने तत्काल मंदिर पर सुरक्षा का पहरा बैठा दिया। साथ ही ऐसी खतरनाक भेंट चढ़ाने पर सख्त रोक लगा दी गई। तब से अब तक भक्त अपनी श्रद्धा फूल, नारियल, चुनरी और प्रसाद के रूप में ही अर्पित करते हैं।महानवमी के मौके पर मंदिर परिसर सज-धज कर तैयार किया गया था। भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और स्वयंसेवकों ने भीड़ प्रबंधन की जिम्मेदारी संभाली। दिनभर श्रद्धालु मां काली के दरबार में आते रहे और परिवार की सुख-समृद्धि तथा जीवन की हर बाधा दूर होने की प्रार्थना करते नजर आए।हरदोई में महानवमी का पर्व आस्था और उत्साह का संगम बनकर लोगों के लिए अविस्मरणीय रहा।