Hardoi News: हरदोई मेडिकल कॉलेज में मधुमक्खियों का हमला, बच्ची समेत 15 घायल; चार की हालत गंभीर

Hardoi News: हरदोई मेडिकल कॉलेज में मधुमक्खियों के झुंड ने मरीजों और तीमारदारों पर अचानक हमला कर दिया। चार साल की बच्ची समेत करीब 15 लोग घायल हो गए, जबकि चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।

Update:2026-11-24 21:07 IST

Hardoi News

Hardoi News: हरदोई मेडिकल कॉलेज में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब मधुमक्खियों के एक बड़े झुंड ने अस्पताल में मौजूद मरीजों और उनके तीमारदारों पर अचानक हमला कर दिया। इस घटना में चार साल की मासूम बच्ची समेत लगभग 15 लोग घायल हो गए। घायलों में चार की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में चीख-पुकार और भगदड़ जैसे हालात पैदा हो गए।

छत्ते से निकला झुंड, मरीजों में मची भगदड़

जानकारी के मुताबिक, मेडिकल कॉलेज के ओपीडी भवन की दूसरी मंजिल पर मधुमक्खियों के कई छत्ते लगे हुए थे। मंगलवार को अचानक इन छत्तों से बड़ी संख्या में मधुमक्खियां बाहर निकल आईं और वहां मौजूद लोगों को निशाना बनाने लगीं। हमला इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला। मधुमक्खियों से बचने के लिए मरीज और तीमारदार सुरक्षित जगहों की तलाश में इधर-उधर भागने लगे। कई लोगों ने ब्लड बैंक और सीटी स्कैन कक्ष में पहुंचकर दरवाजे बंद कर लिए।

चार की हालत गंभीर, बच्ची भी घायल

मधुमक्खियों के हमले में हरपालपुर क्षेत्र के बांसी गांव निवासी छोटे भईया, लोनार के जमुनियापुरवा निवासी रामऔतार और उनके भाई रामदास गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वहीं पचदेवरा निवासी चार वर्षीय सोनी भी हमले की चपेट में आ गई। सभी घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया गया। इनमें छोटे भईया की हालत सबसे ज्यादा गंभीर बताई जा रही है।

अस्पताल की व्यवस्था पर उठे सवाल

बताया गया कि मधुमक्खियों का झुंड ओपीडी भवन से निकलकर आईपीडी भवन की तरफ भी पहुंच गया। करीब एक घंटे तक परिसर में दहशत का माहौल बना रहा। इस घटना ने मेडिकल कॉलेज में मरीजों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ओपीडी भवन की दूसरी मंजिल पर लंबे समय से मौजूद छत्तों को लेकर भी जिम्मेदारों की निगरानी और समय रहते कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं।

Tags:    

Similar News