Hardoi में दो नए सीओ की तैनाती, दो अधिकारियों का दूसरे जिलों में तबादला
Hardoi News: यूपी में 144 डिप्टी एसपी के तबादले किए गए हैं। हरदोई में अयोध्या के आशुतोष तिवारी और बिजनौर के राजेश सिंह आएंगे, जबकि अनुज मिश्रा और संतोष सिंह हुए रवाना।
Hardoi में दो नए सीओ की तैनाती, दो अधिकारियों का दूसरे जिलों में तबादला (Photo- Social Media)
Hardoi News: उत्तर प्रदेश पुलिस महकमे में शासन स्तर से बड़े पैमाने पर प्रशासनिक बदलाव किया गया है। प्रदेश में पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से 144 पुलिस उपाधीक्षकों (डिप्टी एसपी) के तबादले किए गए हैं। इस फेरबदल में हरदोई जिले को भी दो नए क्षेत्राधिकारी मिले हैं, जबकि यहां पहले से तैनात दो अधिकारियों को दूसरे जनपदों में भेज दिया गया है। शासन की ओर से जारी स्थानांतरण आदेश के बाद पुलिस विभाग में नई तैनातियों को लेकर हलचल तेज हो गई है।
अयोध्या और बिजनौर से हरदोई आएंगे नए अधिकारी
जारी स्थानांतरण सूची के मुताबिक, अयोध्या में पुलिस उपाधीक्षक के पद पर कार्यरत आशुतोष तिवारी को हरदोई में नई तैनाती दी गई है। इसी क्रम में बिजनौर में तैनात पुलिस उपाधीक्षक राजेश सिंह का भी स्थानांतरण हरदोई किया गया है। इन दोनों अधिकारियों के जिले में आने से पुलिस विभाग को नए क्षेत्राधिकारी मिलेंगे। हालांकि, अभी उनके कार्यक्षेत्र और सर्किल की जिम्मेदारी तय होना बाकी है।
अनुज मिश्रा को शाहजहांपुर, संतोष सिंह को उन्नाव भेजा
दूसरी ओर हरदोई में तैनात रहे पुलिस उपाधीक्षक अनुज मिश्रा का तबादला शाहजहांपुर कर दिया गया है। वहीं, पुलिस उपाधीक्षक संतोष कुमार सिंह-V को हरदोई से स्थानांतरित कर उन्नाव भेजा गया है। दोनों अधिकारियों की नई तैनाती के साथ ही जिले में क्षेत्राधिकारी स्तर पर बदलाव का रास्ता साफ हो गया है।
नए अधिकारियों के आने के बाद होगा सर्किल आवंटन
प्रदेश स्तर पर हुए इस बड़े फेरबदल को पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली में बदलाव और कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिकारियों के कार्यभार संभालने के बाद हरदोई के पुलिस अधीक्षक की ओर से उन्हें अलग-अलग सर्किल की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।नए अधिकारियों की तैनाती से जिले की पुलिस व्यवस्था में क्या बदलाव देखने को मिलेंगे, इस पर भी लोगों की नजर रहेगी। फिलहाल सभी की निगाहें नए क्षेत्राधिकारियों के कार्यभार ग्रहण करने और उनके कार्यक्षेत्र के निर्धारण पर टिकी हैं।