हरदोई: मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान का डीएम और एसपी ने किया निरीक्षण, दिए कड़े निर्देश
Hardoi News: बावन के भिठारी गांव स्थित बूथों का जायजा लिया; 16 दिसंबर तक जमा होंगे दावे-आपत्तियां, त्रुटियां समय से सुधारने और बूथ पर मौजूद रहने के निर्देश।
Hardoi News: विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल पाण्डेय तथा पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने शनिवार को विकासखंड बावन क्षेत्र के भिठारी गांव में विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने प्राथमिक विद्यालय भिठारी और उच्च प्राथमिक विद्यालय भिठारी में बनाए गए बूथों पर पहुंचकर निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मतदाता सूची की त्रुटियां समय से सुधारने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को निर्देशित किया कि मतदाता सूचियों का गंभीरता से परीक्षण किया जाए। जांच के दौरान सामने आने वाली गलतियों को निर्धारित नियमों के अनुसार ठीक कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान के दौरान बीएलओ अपनी तैनाती वाले बूथों पर तय समय तक मौजूद रहें, ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके साथ ही सुपरवाइजर और संबंधित अधिकारियों को लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश दिए।
16 दिसंबर तक जमा किए जा सकेंगे दावे और आपत्तियां
जिलाधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार एक जनवरी 2027 को अर्हता तिथि मानते हुए मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन 17 नवंबर 2026 को कराया जा चुका है। अब सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने और संशोधन कराने के लिए 16 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी। इस अवधि में चार विशेष अभियान दिवस भी निर्धारित किए गए हैं।विशेष अभियान के दौरान प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क की व्यवस्था रहेगी। यहां मतदाताओं को आवेदन भरने में सहायता मिलेगी। नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 और विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 उपलब्ध रहेंगे।
ऑनलाइन आवेदन की भी सुविधा
जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। नाम दर्ज नहीं होने पर फॉर्म-6 बीएलओ के पास जमा करें अथवा https://voters.eci.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करें।मतदाताओं की सहायता के लिए जिला स्तर पर हेल्प डेस्क बनाई गई है। इसका टोल-फ्री नंबर 05852-234407 है। इसके अलावा जिला निर्वाचन कार्यालय और तहसील कार्यालयों में भी सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं। मतदाता Voter Helpline App या निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर 'Book a Call With BLO' विकल्प के जरिए अपने बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं।