जिस हाथी को पालते थे, वही बना काल! बालाजी मंदिर में अचानक मचा मौत का तांडव

Hardoi News: हरदोई के बालाजी मंदिर में अचानक हाथी हिंसक हो गया। हमले में महंत के बड़े भाई की जान चली गई, घटना के बाद उठे कई सवाल।

Update:2026-11-21 22:11 IST

Hardoi News: खेतुई गांव स्थित बालाजी मंदिर में शनिवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मंदिर परिसर में मौजूद एक हाथी अचानक हिंसक हो उठा। हाथी ने वहां मौजूद महंत के बड़े भाई राम सिंह उर्फ कल्लू (50) को निशाना बना लिया। हमले में गंभीर रूप से घायल राम सिंह की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा है, वहीं ग्रामीणों में भी दहशत का माहौल है।

अचानक आक्रामक हुआ हाथी, संभलने का नहीं मिला मौका

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भगवान बक्स सिंह के पुत्र राम सिंह शनिवार दोपहर करीब तीन बजे मंदिर परिसर में हाथी के नजदीक मौजूद थे। इसी दौरान हाथी का व्यवहार अचानक बदल गया और उसने उन पर हमला कर दिया। प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, हाथी ने राम सिंह को अपनी सूंड में जकड़कर जमीन पर पटक दिया। इसके बाद उन्हें पैरों से कुचल दिया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गए।

ट्रामा सेंटर पहुंचने पर डॉक्टरों ने घोषित किया मृत

हाथी के हमले के बाद मंदिर परिसर में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने तत्काल घायल राम सिंह को इलाज के लिए ट्रामा सेंटर पहुंचाया। हालांकि, चिकित्सकीय परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर गांव पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पहले भी हिंसक हो चुका है हाथी, उठे सुरक्षा पर सवाल

इस घटना के बाद मंदिर में रखे हाथी की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। स्थानीय ग्रामीणों का दावा है कि यह हाथी पहले भी कई बार आक्रामक हो चुका है और पूर्व में भी इससे जुड़ी गंभीर घटनाएं सामने आ चुकी हैं।ग्रामीणों का कहना है कि यदि हाथी के व्यवहार और उसकी गतिविधियों पर पहले से गंभीरता से ध्यान दिया गया होता, तो शायद इस तरह के हादसे को रोकने की संभावना बन सकती थी।

ग्रामीणों ने जांच और सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की उठाई मांग

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने हाथी के रखरखाव, देखरेख और नियंत्रण की व्यवस्था की जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि मंदिर परिसर में आने-जाने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटना दोबारा न हो।

पुलिस और मंदिर प्रशासन की चुप्पी, मामले को लेकर उठ रहे सवाल

इतनी गंभीर घटना के बावजूद खबर लिखे जाने तक पुलिस की ओर से मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। वहीं, मंदिर प्रशासन ने भी घटना को लेकर अब तक कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। इस चुप्पी के चलते कई सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि मंदिर प्रशासन मामले को दबाने की कोशिश कर रहा है। हालांकि, इस संबंध में मंदिर प्रशासन का पक्ष सामने नहीं आया है। ऐसे में यह देखना अहम होगा कि पुलिस मामले की जांच कर हाथी के पूर्व व्यवहार, उसकी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था में हुई संभावित लापरवाही को लेकर क्या कार्रवाई करती है।

Tags:    

Similar News