हरदोई: कार्यक्रम में विवाद के बाद मारपीट में एक की मौत, चार आरोपी गिरफ्तार

Hardoi News: कोतवाली देहात के महुईपुरी गांव की घटना, परिवार के तीन लोग हुए थे घायल; पांच नामजद आरोपियों में से चार गिरफ्तार, एक की तलाश जारी।

Update:2026-11-21 15:34 IST

Hardoi News: कोतवाली देहात क्षेत्र के महुईपुरी गांव में शुक्रवार रात एक कार्यक्रम के दौरान हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। दो पक्षों के बीच शुरू हुई कहासुनी के बाद जमकर मारपीट हुई। इस घटना में एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया।

विवाद के बाद दोनों पक्षों में हुई मारपीट

पुलिस के मुताबिक, 20 नवंबर 2026 की रात डायल 112 के माध्यम से गांव में दो पक्षों के बीच मारपीट की सूचना मिली थी। जानकारी मिलते ही कोतवाली देहात पुलिस मौके पर पहुंच गई। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि कार्यक्रम के दौरान शेखरन उर्फ गुड्डू पुत्र मोतीलाल और दूसरे पक्ष के राजकिशोर पुत्र लल्लन के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई।

अस्पताल में गुड्डू ने तोड़ा दम

मारपीट में शेखरन उर्फ गुड्डू, उनकी पत्नी ज्ञाना और बेटे रोहित को गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने तत्काल घायलों को उपचार के लिए 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने शेखरन उर्फ गुड्डू को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार कराया गया। घटना की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया।

पांच नामजद आरोपियों में चार गिरफ्तार

क्षेत्राधिकारी नगर अजीत चौहान ने बताया कि मामले में पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद पांच आरोपियों में से चार को गिरफ्तार कर लिया है। एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के संबंध में कार्रवाई जारी है।पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, प्रकरण में अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है।


Tags:    

Similar News