Hardoi News: हरदोई में यातायात पुलिस का बड़ा अभियान, 274 वाहनों के चालान, 18 सीज

Hardoi News: हरदोई में यातायात पुलिस ने सड़क सुरक्षा माह के तहत बड़ा अभियान चलाया। जिंदपीर चौराहे से अतिक्रमण हटवाया गया और डग्गामार वाहनों समेत नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की गई।

Update:2026-11-22 18:44 IST

Hardoi News: सड़क सुरक्षा माह नवंबर के तहत रविवार, 22 नवंबर 2026 को हरदोई में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीना के निर्देशन में यातायात पुलिस ने शहर के जिंदपीर चौराहे पर अवैध अतिक्रमण और डग्गामार वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया, जिससे आवागमन सुचारु बनाने का प्रयास किया गया।

नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई

अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी एवं पूर्वी के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी यातायात अनुज मिश्रा और यातायात निरीक्षक के नेतृत्व में टीम ने वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी दी। पुलिसकर्मियों ने लोगों को बताया कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। इसलिए वाहन चलाते समय नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है।यातायात पुलिस की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 274 वाहनों के चालान किए गए। इन पर कुल 4 लाख 73 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया, जबकि 18 वाहनों को सीज किया गया।

हेलमेट और सीट बेल्ट को लेकर जागरूकता

प्रवर्तन कार्रवाई के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 176, बिना सीट बेल्ट के 18, नो पार्किंग में खड़े 36, तीन सवारी बैठाने वाले 21 और ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित नियमों का उल्लंघन करने वाले 36 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अलावा नियमों के अन्य उल्लंघनों में 23, गलत नंबर प्लेट के 18 और अन्य मामलों में 37 वाहनों के चालान किए गए।

सुरक्षा के लिए लगाए गए रिफ्लेक्टर

अभियान के दौरान 134 वाहनों पर रिफ्लेक्टर और फॉग लाइट लगवाई गईं। साथ ही पांच स्थानों पर कार्यशालाओं का आयोजन कर लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। यातायात पुलिस ने पंपलेट वितरित कर भी वाहन चालकों को नियमों की जानकारी दी।

पुलिस ने हरदोई के नागरिकों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनें, तीन सवारी न बैठाएं, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाएं और नशे की हालत में वाहन न चलाएं। पुलिस का कहना है कि आमजन के सहयोग और यातायात नियमों के पालन से सड़क दुर्घटनाओं तथा उनमें होने वाली मौतों की संख्या में कमी लाई जा सकती है।

Tags:    

Similar News