Hardoi News : हरदोई में सपा का शक्ति प्रदर्शन, महंगाई और महिला सुरक्षा को लेकर सौंपा ज्ञापन
Hardoi News : हरदोई में सपा कार्यकर्ताओं ने महंगाई, महिला सुरक्षा और बेरोजगारी समेत 17 मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।
Samajwadi Party Protest in Hardoi
Hardoi News : हरदोई में सोमवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया और राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी कार्यालय में सौंपा। पार्टी के जिलाध्यक्ष शराफत अली के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता नगर पालिका स्थित सपा कार्यालय पर जुटे, जहां से वे नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे।कलेक्ट्रेट पहुंचकर सपा नेताओं ने प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा। इस दौरान पूर्व सांसद उषा वर्मा, पूर्व विधायक राजेश्वरी देवी, पदमराग सिंह यादव ‘पम्मू’, अनिल वर्मा, डॉ. नीलू सत्यार्थी, डॉ. अरुण मौर्य और अखिलेश पाठक समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
सपा नेताओं ने कहा कि देश और प्रदेश में बढ़ती महंगाई, महिलाओं के खिलाफ अपराध और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर सरकार गंभीर नहीं है, जिससे आम जनता परेशान है।पार्टी की ओर से दिए गए ज्ञापन में कुल 17 मांगें शामिल की गईं। इनमें चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने के लिए ईवीएम की जगह बैलेट पेपर से मतदान कराने की मांग प्रमुख रही। इसके अलावा महिलाओं को आर्थिक सहायता देने, बुजुर्गों के सम्मान और सुरक्षा से जुड़ी योजनाएं लागू करने तथा महिलाओं पर बढ़ रहे अत्याचारों पर सख्ती से रोक लगाने की बात भी कही गई।
वंदे भारत एक्सप्रेस के ठहराव की भी उठाई मांग
सपा नेताओं ने मतदाता सूची में छूटे लोगों के नाम जोड़ने, महंगाई पर नियंत्रण करने और ग्रामीण मजदूरों को सालभर रोजगार उपलब्ध कराने की मांग उठाई। साथ ही बघौली रेलवे स्टेशन पर जनता एक्सप्रेस के ठहराव, स्मार्ट मीटर से जुड़ी परेशानियों के समाधान और शिक्षा व्यवस्था में समानता लागू करने की मांग भी रखी गई।ज्ञापन में हरदोई शहर की मूलभूत समस्याओं का भी उल्लेख किया गया। नेताओं ने शहर में सीवर लाइन बिछाने, पेयजल व्यवस्था सुधारने और बढ़ते ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने की मांग की। इसके अलावा लखनऊ-नई दिल्ली वंदे भारत ट्रेन का हरदोई स्टेशन पर ठहराव कराने तथा पंचायत और जिला पंचायत चुनाव समय से कराने की मांग भी शामिल रही।प्रदर्शन में अजय सिंह पाल, रामज्ञान गुप्ता, सीमा यादव, अजीम हैदर, राहुल गुप्ता, प्रदीप यादव, गजेंद्र सिंह और उपेंद्र यादव समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।