Hardoi News: मिठास का बाजार गुलजार, दीपावली से पहले बढ़ी रौनक, दो करोड़ के कारोबार की उम्मीद

Hardoi News: दीपावली से पहले हरदोई के मिठाई बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिल रही है। व्यापारियों को उम्मीद है कि इस बार दो करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार होगा।

Update:2025-10-14 13:04 IST

Hardoi News

Hardoi News: दीपावली के त्योहार की आहट के साथ ही जिले में मिठास का बाजार पूरी तरह सज चुका है। मंगलवार को राष्ट्रीय मिठाई दिवस के मौके पर शहर की मिठाई की दुकानों में जबरदस्त रौनक देखने को मिली। धनतेरस और दीपावली के करीब आते ही ग्राहकों की भीड़ मिठाई बाजारों में उमड़ पड़ी है। व्यापारियों को उम्मीद है कि इस बार दो करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार होगा।हरदोई की मिठाई का नाम प्रदेशभर में अपनी अलग पहचान रखता है। यहां की मावा बर्फी और काजू कतली न केवल स्वाद में लाजवाब हैं बल्कि अपनी पारंपरिक गुणवत्ता के लिए जानी जाती हैं।

त्योहार के मौसम में शहर की लगभग हर दुकान पर मिठाई खरीदने वालों की कतारें लगी हुई हैं। दुकानदारों का कहना है कि पिछले एक सप्ताह से मिठाइयों की मांग में अप्रत्याशित बढ़ोतरी हुई है। कई ग्राहकों ने पहले से ही अपनी पसंदीदा मिठाइयों की एडवांस बुकिंग करा ली है।इस बार बाजार में स्वाद के साथ-साथ मिठाइयों की वैरायटी में भी नयापन देखने को मिल रहा है। पारंपरिक बेसन, मावा और बर्फी के साथ-साथ अब चोको बर्फी, पान बर्फी, ड्राई फ्रूट लड्डू, सिल्वर पिस्ता बाइट्स और खजूर रोल जैसी आधुनिक मिठाइयों की मांग तेजी से बढ़ी है। युवाओं में खासतौर पर फ्यूजन फ्लेवर वाली मिठाइयों का क्रेज देखा जा रहा है।

आज भी हरदोई की मिठाई की पहचान वही है जो 20 साल पहले थी

शहर के अनुभवी हलवाई शिव ओम गुप्ता और ऋषि बताते हैं, “आज भी हरदोई की मिठाई की पहचान वही है जो 20 साल पहले थी, फर्क बस इतना है कि अब पैकिंग और प्रस्तुति आधुनिक हो गई है। पहले मिठाइयाँ पूरी तरह देसी घी और ताजे मावे से बनती थीं, अब कुछ जगह मिक्स मटेरियल का इस्तेमाल होता है, लेकिन स्वाद की असल पहचान वही पुरानी बनी हुई है।”त्योहार पर बढ़ती मांग के चलते मिठाइयों के दामों में भी हल्की वृद्धि देखी जा रही है। काजू कतली, ड्राई फ्रूट लड्डू और मावा बर्फी जैसी प्रीमियम मिठाइयों की कीमतें अब 1500 से 2500 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई हैं।

इसके बावजूद ग्राहकों का जोश कम नहीं हुआ है। व्यापारियों का मानना है कि इस बार पिछले साल की तुलना में लगभग 30 प्रतिशत अधिक बिक्री होगी।त्योहारी माहौल में मिठाई केवल स्वाद नहीं, बल्कि अपनापन और खुशियों का प्रतीक बन चुकी है। इसी भावना को आगे बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय मिठाई दिवस पर शहर के प्रमुख चौराहों पर “मिठास बांटो, मुस्कान फैलाओ” अभियान चलाने पर विचार किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य हरदोई की पारंपरिक मिठाई की पहचान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना और स्थानीय उद्योग को प्रोत्साहन देना है।दीपावली के पहले ही मिठास का यह माहौल न सिर्फ कारोबार को बढ़ा रहा है, बल्कि लोगों के चेहरों पर भी मिठी मुस्कान बिखेर रहा है। हर दुकान से उठती खुशबू और रंग-बिरंगी मिठाइयों की चमक ने पूरे शहर को मानो उत्सव के रंगों में रंग दिया है।

Tags:    

Similar News