Hardoi News: मल्लावां में तेज रफ्तार का कहर, कार बिजली के पोल से टकराई; हादसा CCTV में कैद

Hardoi News: हरदोई में तेज रफ्तार कार बिजली के पोल से टकरा गई। हादसे का CCTV वीडियो वायरल हो रहा है, जबकि दंपति बाल-बाल बच गए।

Update:2026-05-12 15:51 IST

Hardoi News

Hardoi News: हरदोई जिले के मल्लावां कस्बे में सोमवार देर रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से जा भिड़ी। हादसा इतना जबरदस्त था कि सड़क किनारे लगा नगर पालिका का विद्युत पोल पूरी तरह उखड़कर गिर पड़ा। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें टक्कर की भयावहता साफ दिखाई दे रही है। गनीमत रही कि कार सवार दंपति की जान बच गई और उन्हें केवल हल्की चोटें आईं।जानकारी के अनुसार मल्लावां के बड़ा चौराहा मोहल्ला निवासी रमन वर्मा अपनी पत्नी प्रियंका सोनी के साथ किसी निजी कार्य से कानपुर गए थे। देर शाम दोनों Baleno कार से वापस अपने घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि रात करीब नौ बजे उनकी कार कटरा-बिल्हौर हाईवे पर पशु चिकित्सालय के पास पहुंची ही थी कि अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार तेज गति में थी और सीधे सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पोल जड़ समेत उखड़कर नीचे गिर गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और कार में फंसे दंपति को बाहर निकाला।

एयरबैग ने बचाई जान

कार में लगे एयरबैग समय पर खुल जाने से बड़ा नुकसान टल गया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई।घटना के बाद कुछ समय तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। बिजली का पोल गिरने से आसपास के क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित हुई। सूचना मिलने पर संबंधित विभाग के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने में जुट गए।प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार माना जा रहा है। वहीं अब इस दुर्घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज गति से वाहन चलाने के खतरों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

Tags:    

Similar News